बागपत में पुलिस की जिप्सी से टकराकर भाजपा नेता की मौत हो गई, इससे परिजनों में आक्रोश फैल गया। परिजनों व ग्रामीणों ने डीएम आवास पर शव रखकर जमकर हंगामा किया। इस दौरान दो घंटे तक खूब हंगामा हुआ।
बता दें कि रामनिवास का शव लेकर डीएम आवास पर पहुंचे ग्रामीणों ने दो घंटे तक हंगामा किया। उन्होंने मांग की, कि डीएम खुद बाहर आकर कार्रवाई का आश्वासन दें लेकिन डीएम नहीं आए। हंगामा करते ग्रामीणों को समझाने के लिए सीओ अनुज मिश्रा और तहसीलदार प्रसून कश्यप आए, लेकिन वे नहीं माने। अधिकारियों की ग्रामीणों से खूब नोकझोंक हुई। ग्रामीण डीएम को बाहर बुलाने की जिद पर अड़े रहे। इसके बाद एडीएम अमित कुमार और एएसपी मनीष मिश्र ग्रामीणों के बीच पहुंचे। एडीएम ने मुआवजे और कार्रवाई का आश्वासन दिया तब जाकर ग्रामीण माने। एडीएम ने किसान दुर्घटना बीमा योजना के तहत पांच लाख रुपये व मुख्यमंत्री राहत कोष से आर्थिक मदद दिलाने की बात कही। इस दौरान बागपत कोतवाली के अलावा खेकड़ा, बड़ौत, सिंघावली अहीर थाने की पुलिस व पीएसी मौके पर मौजूद रही।
2 of 5
परिजनों को समझाते अधिकारी।
- फोटो : amar ujala
बताया गया कि पाली गांव निवासी रामनिवास शर्मा (55 वर्ष) भाजपा के बूथ अध्यक्ष थे। वह सोमवार सुबह करीब छह बजे अपने बड़े भाई भंवर सिंह के साथ खेत पर जा रहे थे। दिल्ली-यमुनोत्री हाईवे पर पंचायत घर के पास पुलिस की जिप्सी ने रामनिवास शर्मा को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
3 of 5
पुलिस को जानकारी देते परिजन।
- फोटो : amar ujala
वहीं ग्रामीणों ने जिप्सी का पीछा कर चालक होमगार्ड व पुलिस कर्मियों को पकड़ लिया और कोतवाली पुलिस के हवाले कर दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने रामनिवास का शव डीएम आवास पर रखकर हंगामा कर दिया।
4 of 5
हंगामा करते ग्रामीण।
- फोटो : amar ujala
पुलिस पर लगे अवैध वसूली के आरोप
डीएम आवास पर हंगामा कर रहे ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मी रात में जिप्सी को हाईवे किनारे लेकर खड़े रहते हैं। जब उनको पशुओं से लदी गाड़ी आती दिखाई देती है, तो उनसे वसूली के लिए जिप्सी को पीछे दौड़ा देते हैं। मांग की गई कि भाजपा नेता की मौत के जिम्मेदार पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की जाए।
5 of 5
परिजनों से जानकारी लेती पुलिस।
- फोटो : amar ujala
रामनिवास के भांजे भाजपा के जिला उपाध्यक्ष कुलदीप भारद्वाज ने कहा कि पुलिसकर्मी पशुओं से लदे कैंटर का पीछा रहे थे, जिसे पकड़ने के चक्कर में यह हादसा हुआ। एडीएम अमित कुमार ने मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया, इसके बाद ग्रामीणों ने शव उठने दिया। सीओ अनुज मिश्रा ने बताया कि रामनिवास के बेटे हिमांशु ने अज्ञात में मुकदमा दर्ज कराया है।