प्रयागराज के माफिया अतीक के शूटर अब्दुल कवि के घर शुक्रवार को पुलिस व प्रशासन का बुलडोजर गरजा। कई घंटे की कार्रवाई में उसका घर ध्वस्त करा दिया गया। पुलिस का दावा है कि शूटर के घर की दीवार में असलहे छिपाकर रखे गए हैं। पुलिस ने घर के ध्वस्तीकरण के दौरान दीवारों से छह नाजायज तमंचा, एक चापड़ व चाकू बरामद करने का दावा किया है। शूटर अब्दुल कवि का अतीक गैंग से कनेक्शन राजू पाल हत्याकांड के बाद सीबीआई की जांच में सामने आया था।
Umesh Pal Hatyakand : अतीक के शूटर कवि अहमद के घर को बुलडोजर से ढहाया, दीवार में कैप्टी बनाकर रखे गए थे असलहे
प्रयागराज के माफिया अतीक के शूटर अब्दुल कवि के घर शुक्रवार को पुलिस व प्रशासन का बुलडोजर गरजा। कई घंटे की कार्रवाई में उसका घर ध्वस्त करा दिया गया। पुलिस का दावा है कि शूटर के घर की दीवार में असलहे छिपाकर रखे गए हैं।
एक मार्च को पुलिस ने ली थी घर की तलाशी
सरायअकिल। अधिवक्ता अब्दुल कादिर की पत्नी फौजिया बेगम ने बताया कि एक मार्च को पुलिस फोर्स ने उसके घर पर दबिश दी थी। घर की तलाशी ली गई। उसके ससुर के नाम रही एकनाली लाइसेंसी बंदूक, तीन बाइक, चार मोबाइल व एक ट्रैक्टर ट्राली उठा ले गई।
शुक्रवार को जब पुलिस फोर्स घर गिराने पहुंची तो सबसे पहले उन्होंने परिवार के लोगों का मोबाइल फोन छीन लिया। इसके बाद जबरन घर गिरा दिया गया।
शूटर के भाई अब्दुल कादिर का है गिराया गया घर
सरायअकिल। शूटर अब्दुल कादिर के जिस घर को गिराया गया वह उसके अधिवक्ता भाई अब्दुल कादिर का है। अब्दुल कादिर अधिवक्ता हैं और जनपद न्यायालय मे प्रैक्टिस करते हैं। अब्दुल कादिर की पत्नी फौजिया बेगम ने बताया कि उनके ससुर अब्दुल गनी ने जायदाद का बंटवारा कर दिया था।
अब्दुल कवि को जो जमीन दी गई थी वह खाली पड़ी है। उसमें अब्दुल कवि ने घर नहीं बनवाया। मकान में वह अपने परिवार के साथ रहती थी।
माफिया का घर गिराने में हांफी जेसीबी, बुलाई गई पोकलैंड
सरायअकिल। माफिया अतीक अहमद के शूटर अब्दुल कवि का घर गिराने पहुंची जेसीबी कंक्रीट की सख्त दीवारों को नहीं तोड़ सकी। तकनीकी खराबी आने के बाद प्रशासन ने बाद में पोकलैंड मशीन बुलाकर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई पूरी कराई। 15 कमरों वाले घर को मिट्टी में मिला दिया गया।
तमाशबीनों को खदेड़ती रही पुलिस
नेवादा। राजूपाल हत्याकांड के बाद सीबीआई की जांच में प्रकाश में आए माफिया अतीक के शूटर अब्दुल कवि का घर गिराए जाने की कार्रवाई को लेकर तमाशबीनों की भारी भीड़ जुट गई। पुलिस ने भीड़ को घर से करीब दो सौ मीटर दूर रोके रखा। इसके बाद भी लोग घर के समीप आने का प्रयास कर रहे थे। इस पर पुलिस की लोगों से नोंकझोक भी हुई।
पांच भाई में दूसरे नंबर का है शूटर अब्दुल कवि
भखंदा निवासी अब्दुल गनी के पांच बेटों में अब्दुल कवि दूसरे नंबर का था। अब्दुल कवि का नाम राजूपाल की हत्या में सीबीआई जांच के दौरान आया था। अब्दुल कवि को सीबीआई ने माफिया अतीक का शूटर बताया था। इसके बाद से अब्दुल कवि फरार है। 14 फरवरी को सीबीआई ने अब्दुल कवि के घर कुर्की का नोटिस भी चस्पा किया था। अब्दुल कवि से छोटा यानि तीसरे नंबर का भाई अब्दुल फतेहपुर के एक इंटर कॉलेज में अध्यापक है। चौथे नंबर का अब्दुल मुगनी पुलिस विभाग में है। उसकी तैनाती हाईकोर्ट सुरक्षा में है। सबसे छोटा अब्दुल कादिर जो जिला कचहरी में अधिवक्ता हैं वह ही यहां परिवार के साथ रहते हैं। सबसे बड़े भाई अब्दुल वली भी भखंदा में रहते हैं।