इविवि के विज्ञान संकाय के एक विभागाध्यक्ष के संक्रमित मिलने के बाद अब कुलपति समेत तमाम शिक्षकों की कोरोना जांच होगी। विभागाध्यक्ष ने स्वास्थ्य विभाग को उन सभी अफसरों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों के नाम की सूची दी है, जिसमें इविवि के कई बड़े नाम हैं। इसके अलावा इविवि के लाइब्रेरियन ने पुस्तकालय में काम करने वाले उन कर्मचारियों के नाम बताए हैं, जिनसे उनकी मुलाकात हुई थी।
इलाहाबाद विवि कुलपति समेत कई अफसरों के आज लिए जाएंगे नमूने, होगी कोविड जांच
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कोरोना पॉजिटिव पाए गए विभागाध्यक्ष ने जिन लोगों के नाम की सूची स्वास्थ्य विभाग को दी है, उनमें कुलपति, रजिस्ट्रार, परीक्षा नियंत्रक, वित्त अधिकारी और डीएसडब्ल्यू भी शामिल हैं। इसके अलावा विभागाध्यक्ष के विभाग के कुछ शिक्षकों और कर्मचारियों के नाम भी स्वास्थ्य विभाग को दिए गए हैं, जिनसे विभागाध्यक्ष की मुलाकात हुई थी। वहीं, लाइब्रेरी के चार कर्मचारियों के नाम भी स्वास्थ्य विभाग को बताए गए हैं।
इविवि के इन दर्जन भर अफसरों, शिक्षकों और कर्मचारियों के नमूनों की रविवार को जांच की जाएगी। कोरोना के जिला नोडल अफसर डॉ. ऋषि सहाय का कहना है कि कोरोना पॉजिटिव विभागाध्यक्ष की जिन लोगों से मुलाकात हुई थी, उन सभी की जांच कराई जाएगी और रिपोर्ट आने तक सभी को क्वारंटीन रहना होगा।
संक्रमण के खतरे के बीच कल से खुलेगा इविवि
प्रयागराज। कोरोना संक्रमण के खतरे के बीच इविवि और संघटक महाविद्यालयों में सोमवार से गर्मी की छुट्टियां समाप्त हो रही हैं। लेकिन, इस दौरान केवल शिक्षकों को आना होगा। कक्षाएं नहीं चलेंगी और छात्र-छात्राएं भी इविवि एवं कॉलेजों में नहीं आएंगे।
कोरोना पॉजिटिव आए विभागाध्यक्ष से मिलने वाले शिक्षक एवं अफसर भी जांच रिपोर्ट आने तक क्वारंटीन रहेंगे। अगर सोमवार तक रिपोर्ट नहीं आती है तो पहले दिन अफसरों के दफ्तर खाली होंगे। रिपोर्ट निगेटिव आने की स्थिति में ही संबंधित अफसर, शिक्षक और कर्मचारी विवि जा सकेंगे।
स्वास्थ्य विभाग ने चिह्नित किए 50 संपर्की
प्रयागराज। कोरोना पॉजिटिव आए बेली अस्पताल के डॉक्टर, सोरांव स्थित निजी अस्पताल के संचालक, इविवि के शिक्षक व लाइब्रेरियन के संपर्क में आने वाले करीब 50 लोगों को स्वास्थ्य विभाग ने चिह्नित किया है। रविवार को सभी की जांच कराई जाएगी। सबसे अधिक बेली अस्पताल के एनेस्थेटिस्ट के संपर्क में आए 20 से अधिक लोगों को चिह्नित किया गया है। जबकि, निजी अस्पताल के संचालक डॉक्टर के परिवार से डेढ़ दर्जन लोगों की जांच की जाएगी।
सभी को क्वारंटीन किया गया है। सोरांव सीएचसी के अधीक्षक डॉ. यूबी यादव ने बताया कि डॉक्टर के परिवार और अस्पताल के स्वास्थ्य कर्मियों की सूची तैयार की गई है। उनकी ओपीडी में आने वाले मरीजों, ऑपरेशन कराने वाले लोगों की तलाश की जाएगी। हालांकि, अस्पताल की ओर से सूची मांग ली गई है। बताया जा रहा है कि मऊआइमा की एक महिला का ऑपरेशन निजी अस्पताल में हुआ था। महिला पॉजिटिव आ गई थी। इसी तरह अन्य मरीजों की भी जांच कराए जाने की बात कही जा रही है।