परेड ग्राउंड में शनिवार को आयोजित अधिकारिता शिविर की समाप्ति के बाद चित्रकूट रवाना हो रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हेलीकॉप्टर में उड़ान भरने से पहले ही खराबी आ गई। इसके बाद वह पहले से स्टैंड बाई मोड में रखे गए अन्य हेलीकॉप्टर से चित्रकूट के लिए रवाना हुए। मामला तकनीकी खराबी से जुड़ा बताया जा रहा है। एयरफोर्स ने इसकी जांच शुरू करा दी है।
उड़ान भरने से पहले आई खराबी, दूसरे हेलीकॉप्टर से गए प्रधानमंत्री
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रधानमंत्री की फ्लीट में एयरफोर्स के तीन हेलीकॉप्टर शामिल थे। इसमें एक में खुद पीएम, दूसरे में एसपीजी जवान व तीसरे में पीएमओ कर्मचारी थे। कार्यक्रम में अपना भाषण खत्म करने के बाद पीएम मोदी 12.30 बजे के करीब मंच से उतरे और 12.45 बजे के करीब हेलीपैड पर पहुंच गए। हालांकि, उनके सवार होने से पहले ही मुख्य हेलीकॉप्टर में खराबी आ गई। इसके बाद पीएम वहां से पहले से ही स्टैंड बाई मोड में रिजर्व रखे गए हेलीकॉप्टर में सवार हुए और फिर उन्हें चित्रकूट के लिए रवाना किया गया।
बाद में पता चला कि हेलीकॉप्टर में तकनीकी खराबी की वजह से पायलट ने उड़ान न भरने का निर्णय लिया। उधर, दोपहर में ही एयरफोर्स के एयरक्रॉफ्ट मेंटेंनेंस विभाग के इंजीनियर परेड ग्राउंड पहुंचे और खराबी को दुरुस्त करने में जुट गए। कुछ घंटोें बाद खराबी दूर कर इस हेलीकॉप्टर को भी चित्रकूट के लिए रवाना कर दिया गया।
मामले में रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता व विंग कमांडर शैलेंद्र पांडे ने बताया कि पीएम की फ्लीट में शामिल मुख्य हेलीकॉप्टर के ऑक्जिलरी पॉवर यूनिट में तकनीकी खराबी आ गई थी। लेकिन, पीएम के हेलीपैड पर पहुंचने से पहले ही वहां स्टैंड बाई मोड में एक अन्य हेलीकॉप्टर तैयार था, जिसमें सवार होकर पीएम चित्रकूट के लिए रवाना हुए। एयरफोर्स ने मामले की जांच शुरू कर दी है।