गुरु पूर्णिमा पर गोवर्धन के मुड़िया मेला में मिनी कुंभ जैसा नजारा दिखाई दे रहा है। 12 जुलाई से शुरू हुए मुड़िया पूर्णिमा मेले में सबसे ज्यादा भीड़ आज उमड़ी है। 21 किलोमीटर लंबे परिक्रमा पर आस्था का जनसैलाब बह रहा है। रात हो या भोर का पहर, असंख्य श्रद्धालु आगे बढ़ते चले जा रहे हैं। प्रशासन का मानना है कि इस बार सारे रिकॉर्ड टूट गए हैं। गुरु पूर्णिमा पर गिरिराज जी की परिक्रमा करने वाले भक्तों की संख्या एक करोड़ के करीब पहुंच गई है।
2 of 6
परिक्रमा मार्ग पर भक्तों की भीड़
- फोटो : अमर उजाला
हर तरफ भक्तों का रेला है। मन में बस एक ही आस है गिरिराज प्रभु की कृपा उन पर बनी रहे। इसी भाव से श्रद्धालुओं के आने का यह सिलसिला जारी है। गुरु पूर्णिमा पर मंगलवार सुबह खुशनुमा मौसम ने गिरिराज जी की जयकारों से श्रद्धालुओं का उत्साह दो गुना हो गया। आस्था और श्रद्धा के समागम के बीच बने जनसैलाब ने मन की मुराद और भक्ति की कामना लिये श्रद्धालु आगे बढ़ रहे हैं।
3 of 6
परिक्रमा मार्ग पर भक्तों की भीड़
- फोटो : अमर उजाला
श्रद्धालुओं के मन में आस्था का भाव इस कदर है कि परिक्रमा मार्ग में अव्यवस्थाएं हावी होने के बाद भी कदम नहीं रुक रहे हैं। तेज गति से सैलाब को चलता देख जरूर लगता है कि भक्ति की प्रबल धारा अब तेज बह रही है। गिरिराज जी के प्रमुख मंदिरों में दूध-भोग चढ़ाने और पूजा करने वालों की संख्या भी देखते बनती है। मंदिरों में पूजा करने के लिए खचाखच भीड़ नजर आ रही है।
4 of 6
परिक्रमा मार्ग पर भक्तों की भीड़
- फोटो : अमर उजाला
भक्तों का सैलाब गिरिराज दानघाटी मंदिर, परिक्रमा मार्ग में आन्यौर, पूंछरी, जतीपुरा, राधाकुंड के अलावा रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और पार्किंग स्थलों पर दिखाई दे रहा है। धार्मिक कार्यक्रम हो या सेवा शिविर और भजनों पर थिरकते श्रद्धालु सभी मेले की शोभा बढ़ा रहे हैं। मुड़िया मेला में चहुंओर भक्ति का वातावरण दिखाई दिया। ऐसा नजारा ही गोवर्धन धाम में लगने वाले मुड़िया पूर्णिमा में रहता है।
5 of 6
परिक्रमा मार्ग पर भक्तों की भीड़
- फोटो : अमर उजाला
गुरु पूर्णिमा मेले में आने वाले श्रद्धालुओं के स्वागत सत्कार के लिए स्वयंसेवी संगठनों द्वारा 21 किमी लंबे परिक्रमा मार्ग में जगह-जगह भंडारों का आयोजन किया है। कहीं शरबत की प्याऊ लगी है तो कहीं शीतल जल की। परिक्रमा करने वालों को पग-पग पर तरह-तरह की मिठाइयां व अन्य व्यंजन खिलाए जा रहे हैं। भंडारों में पूड़ी, कचौड़ी, पेठा, आइसक्रीम, आम, अमरूद, केला भक्तों को बांट कर लोग पुण्य कमा रहे हैं।