आगरा जिले के थाना पिनाहट क्षेत्र के बीहड़ में दफन मिला तीन साल का मासूम बच्चा कौन था, इसका अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस मृतक बच्चे की शिनाख्त के साथ उसे दफनाने वाले लोगों की तलाश में जुटी है। पुलिस को ग्रामीणों से पूछताछ में पता चला है कि बीहड़ के गांव जोधपुरा के समीप शनिवार को दोपहर करीब तीन बजे महिला सहित चार लोग ऑटो से लोग आए थे। महिला की गोद में बच्चा था। उन्होंने पहले पूजा की, इसके बाद बालक के शव को दफना दिया। महिला सहित अन्य लोग गांव के रहने वाले भी नहीं थे। मौके पर छुरी पड़ी मिली है। इससे तंत्र-मंत्र में हत्या की आशंका जाहिर की गई। मगर मृतक बच्चे के शरीर पर चोट का कोई निशान नहीं है।
बीहड़ में दफन मिला बालक कौन था: तंत्र-मंत्र में हुई हत्या या फिर कुछ और...आगरा पुलिस जांच में जुटी
जोधपुरा गांव के सोनू ने बताया कि जिन लोगों ने शव को दफनाया है। वो अपने गांव या आसपास के नहीं थे। अगर, पास के गांव के होते तो ऑटो से नहीं आते। बीहड़ में शव दफनाने का यह पहला मामला है। इससे पहले कभी ऐसा नहीं हुआ है। अगर, किसी को बच्चे का शव दफनाना भी होता है तो वह चंबल नदी के किनारे पर जाते हैं। शव दफनाने से पहले पूजा की गई थी। इसके प्रमाण पुलिस को मिले हैं।
राजस्थान और मध्य प्रदेश पुलिस से भी किया संपर्क
पुलिस ने मृत बालक की शिनाख्त के प्रयास शुरू कर दिए हैं। इसके लिए आसपास के गांव में फोटो दिखाई गई है। हालांकि अभी किसी ने पहचान नहीं की है। ग्रामीणों का कहना है कि चंबल नदी को स्टीमर से पार करने के बाद मध्य प्रदेश की सीमा से बड़ी संख्या में लोग आते हैं। ऐसे में आशंका है कि वहीं से कोई शव लेकर आया हो। यहां दफनाकर चला गया होगा। इसलिए पुलिस ने राजस्थान और मध्य प्रदेश से भी संपर्क किया है। उनसे लापता बच्चों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। वहीं जिस आटो से लोग आते थे, उसकी भी पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
जोधपुरा गांव के पास बीहड़ में बच्चे को दफनाने की जानकारी से दहशत का माहौल है। लोग अपने बच्चों को लेकर चिंतित हैं। रविवार को गांव के लोगों ने अपने बच्चों को घर से बाहर नहीं निकलने दिया।
छुरी क्यों रखी मिली
बालक के शव पर चोट का निशान नहीं है। इससे पुलिस हत्या नहीं मान रही है। धारदार हथियार से काटने का भी कोई निशान नहीं है। हालांकि ग्रामीणों के मन में एक ही सवाल आ रहा है कि कोई अनजान व्यक्ति शव को बीहड़ में आकर क्यों दफनाएगा। इसके साथ ही शव जहां दफनाया, वहां छुरी भी पड़ी मिली है। सामान्य मौत होने पर कोई छुरी क्यों रखकर जाएगा। इसके पीछे क्या वजह हो सकती है।