मंगलवार को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को लखनऊ हवाई अड्डे पर रोके जाने से सपाइयों में आक्रोश फैल गया। प्रदेशभर में सपा कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए। इसका असर ब्रज मंडल में भी देखने को मिला। आगर, मथुरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी और एटा में सपाइयों ने योगी सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतले फूंके।
आगरा में सपा महानगर इकाई ने निवर्तमान महानगर अध्यक्ष वाजिद निसार के नेतृत्व में सपा कार्यालय के बाहर भाजपा सरकार का पुतला फूंका। पूर्व महानगर अध्यक्ष रईसुद्दीन के नेतृत्व में धौलपुर हाउस के बाहर पुतला फूंका गया। निवर्तमान जिला अध्यक्ष राम सहाय यादव के नेतृत्व में फतेहाबाद रोड पर सपाइयों ने प्रदर्शन किया।
फिरोजाबाद के गांधी चौराहे पर सपा कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान सपाइयों ने भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतला दहन किया।
सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को लखनऊ हवाई अड्डे पर रोके जाने के बाद एटा में मंगलवार को सपाइयों का गुस्सा फूट पड़ा। सपा जिलाध्यक्ष अशरफ हुसैन के नेतृत्व में सपा कार्यकर्ताओं ने योगी सरकार के विरोध में कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। जमकर नारेबाजी की। साथ ही राज्यपाल के नाम ज्ञापन नायब तहसीलदार रवींद्र प्रताप सिंह को सौंपा।
मैनपुरी में सपा-बसपा कार्यकर्ताओं ने आवास विकास स्थित सपा कार्यालय से रैली निकालकर ईशन नदी पुल पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का पुतला फूंका। वहीं घिरोर और बेवर में भी सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सपाइयों ने पुतला फूंका।