AC Tips: कहीं जानलेवा न बन जाए घर का AC, खतरे के इन संकेतों को न करें अनदेखा, इन मेंटेनेंस टिप्स को जरूर जानें
Split AC Fire Reasons and Prevention:
गर्मियों में एसी का लगातार चलना जितना सुकून देता है, उतनी ही बड़ी मुसीबत भी बन सकता है। मेंटेनेंस में लगातार कमी की वजह से एसी यूनिट्स में शॉर्ट-सर्किट और ओवरहीटिंग का खतरा बढ़ जाता है। अगर आप भी लगातार घंटो तक एसी चलाते हैं, तो यह लेख आपके लिए काफी फायदेमंद साबित हो सकता है।

हाल के वर्षों में देश के कई इलाकों में एसी ब्लास्ट की घटनाओं में बढ़ोतरी हुई है। इसकी मुख्य वजह कंप्रेसर की ओवरहीटिंग और इलेक्ट्रिकल फॉल्ट है। स्प्लिट एसी की आउटडोर यूनिट में धूल जमने से हीट एक्सचेंज नहीं हो पाता, जिससे मशीन की गर्मी बढ़ती है और आग लगने का खतरा बढ़ जाता है। कई बार लोग एसी से बार-बार मिल रहे संकेतों को अंदेखा करते हैं जो आखिर में उनके लिए जानलेवा साबित होता है।
सही समय पर सर्विसिंग, वायर चेकअप और एसी को बीच-बीच में ब्रेक देना ही इस खतरे से बचने का एकमात्र तरीका है। लेकिन आज हम आपको एसी के कुछ ऐसे संकेतों के बारे में बताने जा रहे हैं जिन्हें आपको कभी भी नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।

एसी के इन 5 संकेतों को कभी न करें नजरअंदाज (Don't Ignore AC's 5 Warning Signs)
1. एसी से अजीब आवाजें आना
अगर आपके एसी की इनडोर या आउटडोर यूनिट से रगड़ने, खड़खड़ाने या बहुत तेज हम्मिंग की आवाज आ रही है, तो यह खतरे की घंटी है। इसका मतलब हो सकता है कि कंप्रेसर ढीला हो गया है, फैन मोटर के बेयरिंग खराब हो गए हैं या आउटडोर यूनिट में कोई बाहरी चीज फंस गई है। इस खराब मोटर या ढीले पुर्जे घर्षण पैदा करते हैं, जिससे गर्मी बढ़ती है और मोटर जल सकती है।
2. चलाने पर जलने की गंध आना
जैसे ही आप एसी ऑन करें और आपको प्लास्टिक या रबर जलने की तीखी गंध आए, तो तुरंत पावर ऑफ कर दें। यह सीधा संकेत है कि अंदर की वायरिंग ओवरहीट हो रही है या कोई इलेक्ट्रिकल कंपोनेंट (जैसे कैपेसिटर या पीसीबी) जल रहा है। यह अक्सर शॉर्ट-सर्किट से ठीक पहले आती है। इसे नजरअंदाज करना सीधे तौर पर आग को दावत देना है।
3. एसी की कूलिंग अचानक कम हो जाना
अगर एसी चल रहा है लेकिन कमरा ठंडा नहीं कर रहा या हवा का फ्लो बहुत कमजोर है, तो इसे केवल गैस कम होना न समझें। इसका दो मुख्य कारण हो सकते हैं। पहला ये कि फिल्टर और कॉइल्स पर इतनी गंदगी जमी है कि हवा पास नहीं हो पा रही। दूसरी वजह रेफ्रिजरेंट (गैस) का लीक होना हो सकता है। इन कारणों से कूलिंग कम होने पर कंप्रेसर कमरे को ठंडा करने के लिए दोगुना जोर लगाता है, जिससे कंप्रेसर ओवरहीट होने लगता है।
4. डिस्प्ले पर बार-बार एरर कोड दिखना
आधुनिक स्मार्ट और इनवर्टर एसी में सेल्फ-डायग्नोसिस फीचर होता है। अगर डिस्प्ले पर E1, E6, P4 जैसे कोड बार-बार फ्लैश हो रहे हैं, तो मशीन आपको समस्या बता रही है। इसका मतलब है कि एरर कोड का मतलब वोल्टेज की समस्या, सेंसर खराब होना या कंप्रेसर में खराबी हो सकता है। ऐसे में एरर कोड आने पर भी एसी को जबरदस्ती चलाने से पीसीबी (PCB) पूरी तरह जल सकती है, जो एक महंगा नुकसान है।
5. इनडोर यूनिट से पानी का रिसाव
एसी से पानी टपकना केवल एक गंदगी वाली समस्या नहीं है, यह सुरक्षा के लिहाज से भी ठीक नहीं है। ड्रेन पाइप का ब्लॉक होना या इवेपोरेटर कॉइल्स पर बर्फ जमना पानी रिसने का मुख्य कारण माना जाता है। अगर यह पानी एसी के बिजली वाले हिस्से या पीसीबी पर गिर जाए, तो तत्काल शॉर्ट-सर्किट और आग लगने का जोखिम रहता है।

एसी को सुरक्षित और असरदार रखने के लिए जरूरी मेंटेनेंस टिप्स
1. नियमित फिल्टर सफाई
एसी के अंदर लगे फिल्टर हवा से धूल और गंदगी को रोकते हैं। समय के साथ इन पर धूल की मोटी परत जम जाती है। इसकी नियमित सफाई इसलिए भी जरूरी है कि गंदे फिल्टर एयर फ्लो को रोकते हैं, जिससे कंप्रेसर पर दबाव बढ़ता है और कूलिंग कम हो जाती है। ऐसे में गर्मियों में हर 15-20 दिन में फिल्टर निकालें और उन्हें सादे पानी से साफ करें। यह सबसे आसान और असरदार तरीका है।
2. आउटडोर और इनडोर यूनिट की सफाई
एसी के दो मुख्य हिस्से होते हैं, इनडोर (कमरे के अंदर) और आउटडोर (छत या बालकनी पर)। आउटडोर यूनिट सीधे धूप और धूल का सामना करती है। ऐसे में आउटडोर यूनिट की फिन्स पर धूल जमने से हीट बाहर नहीं निकल पाती, जिससे कंप्रेसर गर्म होकर बंद हो सकता है या ब्लास्ट हो सकता है। इसलिए सीजन शुरू होने पर प्रोफेशनल से जेट स्प्रे सर्विस कराएं ताकि अंदरूनी गंदगी पूरी तरह साफ हो सके।
3. ड्रेन लाइन की सफाई
एसी चलाते समय जो नमी पैदा होती है, वह ड्रेन पाइप के जरिए बाहर निकलती है। अगर पाइप में कचरा या काई जम जाए, तो पानी बाहर जाने के बजाय इनडोर यूनिट से कमरे के अंदर टपकने लगता है। साथ ही समय-समय पर चेक करें कि पाइप से पानी सही तरह से निकल रहा है या नहीं। पाइप को हल्का हिलाकर या पानी का प्रेशर देकर साफ रखा जा सकता है।
4. बिजली कनेक्शन की जांच
एसी एक हाई-पावर मशीन है, इसलिए इसके इलेक्ट्रिकल पॉइंट्स का सुरक्षित होना अनिवार्य है। ढीले तारों से स्पार्किंग पैदा होने का खतरा बढ़ता है, जिससे आग लगने की संभावना ज्यादा हो जाती है। इसलिए समय-समय पर चेक करें कि प्लग या सॉकेट कहीं से जल तो नहीं रहा या काला तो नहीं पड़ गया। हमेशा 16 Amp के मजबूत सॉकेट का ही उपयोग करें।
5. सही तापमान सेट करें
अक्सर लोग एसी को 16°C या 18°C पर चलाते हैं, जो मशीन और सेहत दोनों के लिए ठीक नहीं माना जाता है। बहुत कम तापमान पर कंप्रेसर को बिना रुके लगातार काम करना पड़ता है, जिससे वह जल्दी खराब हो सकता है और बिजली का बिल भी बहुत ज्यादा आता है। इसलिए एक्सपर्ट्स कहते हैं कि एसी को 24°C से 26°C के बीच चलाना सबसे बेस्ट है। इससे कंप्रेसर को आराम मिलता है और बिजली की भारी बचत होती है।
6. स्टेबलाइजर का उपयोग करें
भारत में वोल्टेज का उतार-चढ़ाव एक बड़ी समस्या है, जो एसी के इलेक्ट्रॉनिक्स को नुकसान पहुंचा सकती है। वोल्टेज अचानक बढ़ने या घटने से एसी का मदरबोर्ड जल सकता है या कंप्रेसर की वाइंडिंग खराब हो सकती है। इसलिए खतरों से बचने के लिए एक अच्छी क्वालिटी का डिजिटल स्टेबलाइजर जरूर लगवाएं। यह वोल्टेज को स्थिर रखकर आपके महंगे एसी को सुरक्षा कवच प्रदान करता है।
- X Issue: एक्स पर कॉपी नहीं हो रहे वीडियो लिंक? वायरल पोस्ट में किया गया दावा, जानिए क्या है सच्चाई
- Fingerprint Setup: अब PIN नहीं, अंगूठा लगाकर करें Paytm से UPI पेमेंट, जानें सेटअप का आसान तरीका
- UPI: साल भर में यूपीआई से हुए ₹308 लाख करोड़ के ट्रांजेक्शन; मार्च में हर दिन हुआ 1 लाख करोड़ का लेनदेन
- TRAI रिपोर्ट: फरवरी में मोबाइल यूजर्स बढ़े, लेकिन रफ्तार धीमी; Airtel सबसे आगे, Jio-Vi ने भी जोड़े नए ग्राहक