VingaJoy Fuelbar Review: कैसा है 10000mAh वाला यह मेड इन इंडिया पावरबैंक?

घरेलू गैजेट एसेसरीज कंपनी VingaJoy ने पिछले महीने भारत में अपना नया पावरबैंक लॉन्च किया है जिसकी क्षमता 10,000 एमएएच की है। VingaJoy Fuelbar पावरबैंक की कीमत 2,499 रुपये है। कंपनी के दावे के मुताबिक यह पावरबैंक मेड इन इंडिया है। इस पावरबैंक की खासियत इसकी नॉन मेटालिक बॉडी और कॉम्पेक्ट साइज है। इसके साथ ग्रिपिंग अच्छी बनती है और यह हाथ से फिसलता नहीं है। इस पावरबैंक को हमने कुछ दिनों तक इस्तेमाल किया है। आइए रिव्यू में जानते हैं कैसा है यह पावरबैंक...

VingaJoy Fuelbar की स्पेसिफिकेशन
इसमें 10000एमएएच की बैटरी है। इसमें एक एलईडी डिजिटल इंडिकेटर दिया गया है। यह इंडिकेटर चार्जिंग लेवल (25%, 50%, 75%,100%) के बारे में जानकारी देता है। इस पावरबैंक में डुअल इनपुट चार्जिंग पोर्ट है जिनमें TypeC/माइक्रो शामिल हैं। यानी आप टाइप सी और माइक्रो यूएसबी दोनों प्रकार के केबल से इसे चार्ज कर सकते हैं। इसका आउटपुट 2.0A का है। इसके साथ छह महीने की वारंटी भी मिल रही है। इसकी लाइफ साइकिल 500 है। इसमें दो यूएसबी पोर्ट दिए गए हैं यानी एक बार में आप दो डिवाइस को चार्ज कर सकते हैं। इस पावरबैंक के साथ एक कैरी बैग भी फ्री में मिल रहा है।

VingaJoy Fuelbar की डिजाइन
विंगाजॉय के इस पावरबैंक की डिजाइन अच्छी है। शानदार ग्रिपिंग के लिए इसकी बॉडी पर चेक मार्क दिए गए हैं। बॉडी पूरी तरह से प्लास्टिक है। ऐसे में करंट के झटके लगने का खतरा नहीं है। बिल्ड क्वालिटी अच्छी है। साइज भी कॉम्पैक्ट है और यह पावरबैंक काफी हैंडी है। इसकी साइज करीब 4.25 इंच की है। पावरबैंक की बॉडी पर टॉप में पावर बटन दिया गया है जिसके साथ चार्जिंग लेवल का इंडिकेटर है। यह इंडिकेटर काफी काम का है क्योंकि यह आपको बताते रहता है कि बैटरी कितने प्रतिशत तक बची है। पावरबैंक को ऑन करने पर ही इंडिकेटर दिखता है। इस पावरबैंक के टॉप पर चार पोर्ट हैं जिनमें दो यूएसबी (आउटपुट), एक माइक्रो (इनपुट) और एक टाइप-सी (इनपुट) शामिल हैं।