MIVI Octave 2 Review: किफायती कीमत में प्रीमियम वायरलेस स्पीकर

घरेलू कंपनी मिवी (Mivi) ने हाल ही में अपना एक ब्लूटूथ स्पीकर MIVI Octave 2 पेश किया है। इस स्पीकर की ऑडियो क्वालिटी को लेकर कंपनी ने बड़े दावे किए हैं। MIVI Octave 2 स्पीकर के साथ बॉक्स में आपको एक हेलमेट और एक चश्मा भी मिलेगा। स्पीकर के साथ इन दो अनोखी चीजों को देने का मकसद स्पीकर की ऑडियो क्वालिटी के बारे में लोगों को बताना है, हालांकि यह कंफर्म नहीं है कि रिटेल बॉक्स में स्पीकर के साथ ये दोनों चीजें मिलेंगी या नहीं। खैर MIVI Octave 2 स्पीकर को हमने 15 दिनों तक इस्तेमाल किया है तो आइए रिव्यू में जानते हैं कैसा है 2,999 रुपये में वूफर के साथ आने वाला यह स्पीकर...
MIVI Octave 2 की कीमत और स्पेसिफिकेशन

स्पीकर के फीचर्स की बात करें तो इसमें 360 डिग्री स्टेरियो साउंड दिया गया है जिसके साथ सॉलिड बास भी है। इसकी बैटरी को लेकर कंपनी ने आठ घंटे के बैकअप का दावा किया है। खास बात यह है कि यह स्पीकर IPX7 रेटेड है यानी पानी या धूल से इसे नुकसान का खतरा बहुत ही कम है। शानदार कनेक्टिविटी के लिए इसमें ब्लूटूथ 5.0 दिया गया है। चार्जिंग के लिए इसमें यूएसबी टाइप सी पोर्ट है।
मिवी के इस स्पीकर के साथ आपको दूसरे मिवी ऑक्टेव 2 स्पीकर को कनेक्ट भी कर सकते हैं। कंपनी ने इसके साउंड को लेकर क्रिस्टल क्लिर ऑडियो का दावा किया है। इसमें मेमोरी कार्ड और ऑक्स केबल के साथ इनबिल्ट माइक का भी सपोर्ट है। स्पीकर में 2200एमएएच की बैटरी है। इस स्पीकर की कीमत 2,999 रुपये है। इस स्पीकर के साथ भी एक साल की वारंटी मिल रही है। स्पीकर के साथ बॉक्स में आपको एक ऑक्स केबल भी मिलेगा।
MIVI Octave 2 की डिजाइन

मिवी के इस स्पीकर की डिजाइन काफी हद तक वंडरबूम के स्पीकर से प्रभावित है। स्पीकर के चारों और मजबूत धागे और प्लास्टिक की ग्रिपिंग है। इस स्पीकर को 360 डिग्री साउंड के लिए खासतौर पर डिजाइन किया गया है। इसकी डिजाइन इस तरह से की गई है कि किसी भी एंगल से स्पीकर को रखने पर आवाज डिस्टर्ब नहीं होगी। ऊपर और नीचे की वूफर की तरह प्लेट हैं जो अधिक बास वाले गाने की बीट पर वाइब्रेट करते हैं। वॉल्यूम बटन, पावर बटन की फिनिशिंग शानदार है। साथ ही चार्जिंग पोर्ट के लिए जगह इस तरीके से डिजाइन की गई है कि उसमें शायद ही पानी और धूल जा पाएंगे। बिल्ट क्वालिटी को लेकर कोई समस्या नहीं है। कुल मिलाकर कहें तो डिजाइन के मामले में यह एक शानदार स्पीकर है।
MIVI Octave 2 की परफॉर्मेंस और बैटरी लाइफ

जहां तक परफॉर्मेंस की बात है तो कंपनी अपने दावे पर खरी उतरती है। MIVI Octave 2 की ऑडियो क्वालिटी वाकई बेहतरीन है। आप किसी भी तरह के गाने सुनें, फिल्म देखें या गेम खेलें, हर मामले में आपको क्रिस्टल क्लियर ऑडियो मिलेगा। यदि आप कोई ऐसा म्यूजिक सुन रहे हैं जिसमें बास है तो फिर यह स्पीकर आपकी पार्टी में चार चांद लगा देगा। डीजे गाने पर इस स्पीकर का बास काबिल-ए-तारीफ है। खास बात यह है कि इसमें माइक का भी सपोर्ट है तो आप इसकी मदद से फोन पर बात भी कर सकते हैं। बात करने में कोई परेशानी नहीं होती है।

कंपनी के दावे के मुताबिक इस स्पीकर में आपको 360 डिग्री ऑडियो मिलता है। बैटरी लाइफ शानदार है। आप आराम से लगातार 7-8 घंटे से म्यूजिक सुन सकते हैं। इस स्पीकर की आवाज प्रीमियम स्पीकर वंडरबूम जैसी है। MIVI Octave 2 स्पीकर के साथ आप एक बड़े हॉल में या फिर आउटडोर पार्टी आराम से कर सकते हैं। इसमें मेमोरी कार्ड और ऑक्स केबल का भी सपोर्ट है। पेयरिंग में किसी तरह की कोई परेशानी नहीं होती है। तो कुल मिलाकर कहें तो 2,500 रुपये की रेंज में इस वक्त MIVI Octave 2 स्पीकर बाजार में मौजूद एक बेस्ट ब्लूटूथ स्पीकर है।