दुनियाभर में कोरोना का कहर अभी भी जारी है, हालांकि भारत, अमेरिका समेत कुछ यूरोपीय देशों ने चीजों को फिर से पटरी पर लाने के लिए लॉकडाउन में ढील देनी शुरू कर दी है और सावधानी के साथ आगे बढ़ने का फैसला किया है। वहीं इस महामारी के खतरे को देखते हुए महीनों से बंद पड़े खेल के मैदानों और प्रतियोगिताओं को भी फिर से शुरू करने की तैयारी हो चुकी है। नियमों में बदलाव और कई तरह के दिशानिर्देशों के साथ कुछ टूर्नामेंट की शुरुआत हो गई है,तो कुछ की आने वाले समय में हो जाएगी।
खेल के मैदान में कोरोना की होगी हार, मुकाबले को तैयार खिलाड़ी, फुटबॉल से हुई शुरुआत
क्रिकेट:
इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड ने एक जुलाई तक सभी तरह के घरेलू क्रिकेट को बंद कर रखा है, हालांकि आठ जुलाई से वो वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन मैचों की टेस्ट सीरीज शुरू कर सकती है और उसके बाद ऑस्ट्रेलिया और पाकिस्तान की मेजबानी भी कर सकती है।
इसके अलावा भारत में अभी बीसीसीआई ने अगस्त-सितम्बर तक सभी खेल टूर्नामेंटों को बंद रखने का फैसला किया है और टी-20 वर्ल्ड कप से पहले ही कोई निर्णय लेगी।
फुटबॉल:
कोरोना की मार फुटबॉल और इसके खिलाड़ियों पर सबसे अधिक पड़ी, कई फुटबॉलर तो इससे संक्रमित भी हुए और यही कारण रहा है कि दुनियाभर के टूर्नामेंटों को टाल दिया गया। हालांकि अब बंद स्टेडियमों, हाथ ना मिलाने जैसे नियमों के साथ इसी हफ्ते यूरोप की प्रमुख लीग बुंदेसलीगा की शुरुआत हो गई।
वहीं इटली की सरकार ने देश की प्रमुख सीरी-ए लीग को 18 मई से ट्रेनिंग शुरू करने की हरी झंडी दे दी है लेकिन टूर्नामेंट के शुरुआत पर अभी बात नहीं बनी है। स्पेनिश ला लीगा 12 जून से शुरू होने के लिए तैयार है। इनके अलावा कई अन्य टूर्नामेंटों के शुरू करने पर भी विचार चल रहा है।
टेनिस:
एटीपी और डब्ल्यूटीए टूर 31 जुलाई तक निलंबित हैं, लेकिन 2020 में कुछ टूर्नामेंटों के आयोजन किए जा सकते हैं। विंबलडन को रद्द कर दिया गया है और मई से सितंबर तक फ्रेंच ओपन स्थानांतरित कर दिया गया है। यूएस ओपन 31 अगस्त से 14 सितंबर तक न्यूयॉर्क में होने वाला है, लेकिन इसका फैसला जून में किया जाएगा।
फॉर्मूला वन:
फॉर्मूला वन रेस के 2020 संस्करण की शुरुआत अभी तक नहीं हो पाई है और दिसंबर 2019 में अबू धाबी में आखिरी रेस हुई थी हालांकि अब पांच जुलाई से ऑस्ट्रिया ग्रां प्री से इस साल की पहली रेस करवाने की कोशिश है। अगर सब कुछ सही रहा तो फिर धीरे-धीरे इसे अलग-अलग जगहों पर भी कड़े दिशानिर्देशों के साथ शुरू किया जाएगा।