दीपावली के पावन पर्व पर घरौंदा बनाने और उसमें सेठ-सेठानी की प्रतिमाएं स्थापित करने का विशेष धार्मिक व सांस्कृतिक महत्व है। मध्य प्रदेश, बिहार, उत्तर प्रदेश और झारखंड जैसे राज्यों में यह परंपरा सुख-समृद्धि, खुशहाली और पारिवारिक बरकत का प्रतीक मानी जाती है। जानिए इस सुंदर लोक परंपरा का महत्व, इसे बनाने का तरीका और इससे जुड़ी पूजा की रस्में।
दीपावली पर क्यों बनाए जाते हैं मिट्टी के घरौंदे? जानिए सेठ-सेठानी की मूर्तियों से जुड़ा यह अनोखा रहस्य
दीपावली केवल दीपों और आतिशबाजी का पर्व नहीं है, बल्कि यह लोक-संस्कृति और समृद्ध परंपराओं का संगम भी है। भारत के मध्य और उत्तरी राज्यों में दिवाली के अवसर पर 'घरौंदा' बनाने और उसमें 'सेठ-सेठानी' की मूर्तियां स्थापित करने की एक बेहद सुंदर और अर्थपूर्ण परंपरा रही है। आइए जानते हैं इसका महत्व और पूजा विधि।
सेठ-सेठानी की प्रतिमाओं का धार्मिक व सांस्कृतिक महत्व
दीपावली से ठीक पहले बाजारों में मिट्टी और विभिन्न सामग्रियों से बने सेठ-सेठानी के जोड़े की सुंदर मूर्तियां मिलती हैं।
समृद्धि और बरकत का प्रतीक: सेठ-सेठानी के इस जोड़े को धन, अनाज, संपन्नता और व्यापारिक वृद्धि का प्रतीक माना जाता है। मान्यता है कि इन्हें घर में लाकर पूजा स्थल पर स्थापित करने से कभी धन-धान्य की कमी नहीं होती।
रक्षक और अन्य मूर्तियां: ग्वालियर और आसपास के क्षेत्रों में सेठ-सेठानी के साथ 'नटी' और 'फौजी' की मूर्तियां भी रखी जाती हैं। यहां फौजी की मूर्ति को घर की सुरक्षा और पहरेदारी का प्रतीक माना जाता है।
घरौंदा परंपरा: महत्व और मान्यताएं
हालांकि बाजार में मिट्टी के बने बनाए घरोंदे भी मिलते हैं आप इन्हें भी खरीद सकते हैं। 'घरौंदा' शब्द 'घर' का ही एक वात्सल्य रूप है। यह परंपरा मुख्य रूप से घर की बेटियों द्वारा निभाई जाती है।
मां लक्ष्मी का आमंत्रण: ऐसी मान्यता है कि दिवाली की रात मां लक्ष्मी स्वच्छ और व्यवस्थित स्थान पर ही गृह-प्रवेश करती हैं। बेटियां मिट्टी का सुंदर घरौंदा बनाकर मां लक्ष्मी को अपने घर में पधारने का सहर्ष निमंत्रण देती हैं।
भविष्य के गृहस्थ जीवन की सीख: पारंपरिक दृष्टिकोण से यह बेटियों के लिए खेल-खेल में अपने भावी गृहस्थ जीवन और घर-परिवार को सुचारू रूप से चलाने का पहला व्यावहारिक पाठ होता है।
सेठ-सेठानी का वास: इस छोटे से घरौंदे के भीतर सेठ-सेठानी और मिट्टी के छोटे खिलौने (कुल्हिया-चुकिया) स्थापित किए जाते हैं, जो घर के अक्षय अन्न भंडार और व्यापार में सफलता को दर्शाते हैं।
घरौंदा निर्माण एवं सजावट की विधि
बनावट का बदलता स्वरूप: प्राचीन काल में इसे विशुद्ध रूप से मिट्टी और ईंटों से तैयार किया जाता था। वर्तमान में लोग गत्ते थर्माकोल या लकड़ी की मदद से बहुमंजिला और आधुनिक महलों जैसा सुंदर घरौंदा तैयार करते हैं।
रंग-रोगन और श्रृंगार: इसे आकर्षक रंगों, रंगोली, दीयों और तोरणद्वार से सजाया जाता है।
खिलौने और अन्नपूर्णा भंडार: घरौंदे के भीतर मिट्टी की छोटी चक्की, चूल्हा, कढ़ाही, घड़ा और तराजू जैसी वस्तुएं रखी जाती हैं। इन बर्तनों में खील (लावा), बताशे, मिठाइयां और अनाज भरा जाता है, जो इस बात का शुभ संकेत है कि घर की रसोई और तिजोरी हमेशा भरी रहेगी।
पूजा विधान
दीपावली की मुख्य संध्या पर भगवान श्री गणेश और माता लक्ष्मी की महापूजा के साथ-साथ इस घरौंदे की भी विधिवत पूजा की जाती है। परिवार के सभी सदस्य मिलकर यहां प्रथम दीपक प्रज्ज्वलित करते हैं और पूरे परिवार की सुख, शांति व अखंड समृद्धि की कामना करते हैं।
शैली प्रकाश