Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें

Diwali Puja Muhurat Time 2026: रात में भी कर सकते हैं लक्ष्मी पूजन, जानें महानिशीथ काल का मुहूर्त

Sun, 08 Nov 2026 08:26 PM IST
मेघा कुमारी धर्म डेस्क, अमर उजाला
धर्म डेस्क, अमर उजाला Published by: मेघा कुमारी Updated Sun, 08 Nov 2026 08:26 PM IST
खास बातें

Diwali 2026 Puja Muhurat Live Updates in Hindi: दिवाली के पावन अवसर पर मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की पूजा का शुभ मुहूर्त शुरू हो गया है। दिल्ली में आज शाम 5 बजकर 54 मिनट से लक्ष्मी-गणेश पूजन का शुभ समय प्रारंभ हो चुका है, जो शाम 7 बजकर 50 मिनट तक रहेगा। इस दौरान श्रद्धालु विधि-विधान और श्रद्धा के साथ मां लक्ष्मी एवं भगवान गणेश की पूजा-अर्चना कर सकते हैं।

विज्ञापन
diwali 2026 live puja vidhi lakshmi pujan muhurat mantra aarti and wishes city wise timings photos
Diwali 2026 Lakshmi Puja Muhurat Live Updates - फोटो : amar ujala

लाइव अपडेट

08:12 PM, 08-Nov-2026

निशिता काल में मां लक्ष्मी की पूजा के लिए इन बातों का ध्यान रखें

  • निशिता काल शुरू होने पर मां लक्ष्मी के सामने घी का दीपक जलाकर पूजा की शुरुआत करें।
  • मां लक्ष्मी को ताजे फूल, अक्षत और नैवेद्य अर्पित करें।
  • पूजा के दौरान 'ॐ श्रीं महालक्ष्म्यै नमः' मंत्र का श्रद्धापूर्वक जाप करें।
  • मंत्र जाप के बाद मां लक्ष्मी की आरती करें और सुख-समृद्धि की कामना करें।
08:08 PM, 08-Nov-2026

Diwali Lakshmi Pujan Nisheeth Kaal: लक्ष्मी पूजन निशीथ काल

  • शाम का लक्ष्मी पूजन मुहूर्त हुआ समाप्त: दिल्ली में मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की पूजा का मुख्य शुभ समय शाम 5:54 बजे से 7:50 बजे तक था। इस दौरान श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।
  • प्रदोष काल का समय: दिल्ली में प्रदोष काल शाम 5:31 बजे से रात 8:09 बजे तक निर्धारित है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, प्रदोष काल में मां लक्ष्मी की पूजा करना शुभ माना जाता है।
  • अब निशिता काल का इंतजार: शाम का मुख्य मुहूर्त बीतने के बाद अब श्रद्धालु निशिता काल में विशेष पूजा कर सकते हैं। दिल्ली में निशिता काल रात 11:39 बजे से शुरू होकर 9 नवंबर की मध्यरात्रि 12:31 बजे तक रहेगा।
  • निशिता काल में होती है विशेष साधना: धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, निशिता काल में मां महालक्ष्मी की विशेष पूजा और साधना का महत्व है। हालांकि, इस समय की पूजा सामान्य रूप से घरों में की जाने वाली शाम की लक्ष्मी पूजा से अलग मानी जाती है।
विज्ञापन
07:54 PM, 08-Nov-2026

Diwali Puja 2026 Live: दिवाली पूजा के बाद लक्ष्मी गणेशजी की पुरानी मूर्ति का क्या करें

  • पुरानी मूर्तियों की करें विधिवत पूजा: दिवाली पर नई मूर्तियां स्थापित करने के बाद पुरानी मूर्तियों को तुरंत पूजा स्थल से न हटाएं। भाई दूज के बाद नई मूर्तियों को चौकी से हटाकर पुरानी मूर्तियों की ओर मुख करके श्रद्धापूर्वक प्रार्थना करें। इसके बाद पुरानी मूर्तियों को रोली, अक्षत, खील-बताशे, फूल और मिठाई अर्पित करें। आरती करने के बाद नई मूर्तियों को पूजा स्थान पर स्थापित कर दें और पुरानी मूर्तियों को सम्मानपूर्वक वहां से हटा दें।
  • मिट्टी की मूर्तियों का करें विसर्जन: अगर आपके घर में लक्ष्मी-गणेश की मिट्टी की मूर्तियां हैं, तो उन्हें लाल कपड़े में लपेटकर उचित तरीके से विसर्जित कर सकते हैं। इसके अलावा घर पर किसी साफ पात्र में पानी भरकर मूर्तियों को उसमें विसर्जित करने का विकल्प भी है। ध्यान रखें कि मूर्तियों को गंदे पानी या किसी अनुचित स्थान पर न फेंकें।
  • सोने-चांदी की मूर्तियों को रखें सुरक्षित: अगर आपने पूजा के लिए सोने, चांदी या पीतल की मूर्तियां खरीदी हैं, तो उनका विसर्जन करने की जरूरत नहीं है। इन्हें गंगाजल से शुद्ध करके दोबारा मंदिर या तिजोरी में स्थापित कर सकते हैं। इसके बाद विधि-विधान से पूजा और आरती करें।
  • पेड़ के नीचे न छोड़ें मूर्तियां: पुरानी लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियों को पेड़ के नीचे या किसी सुनसान जगह पर छोड़ने से बचें। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, देवी-देवताओं की मूर्तियों का अनादर नहीं करना चाहिए। इसलिए उन्हें हमेशा सम्मानपूर्वक और उचित तरीके से हटाएं।
  • सुबह के समय करें विसर्जन: धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, लक्ष्मी-गणेश की पुरानी मूर्तियों का विसर्जन सुबह के समय करना शुभ माना जाता है। सूर्यास्त के बाद विसर्जन करने से बचने की सलाह दी जाती है।
07:43 PM, 08-Nov-2026

Diwali Puja Muhurat 2026 Live: लक्ष्मी-गणेश आरती

मां लक्ष्मी की आरती 
ऊं जय लक्ष्मी माता, मैया जय लक्ष्मी माता।। 
तुमको निशदिन सेवत, हरि विष्णु विधाता। 
ऊं जय लक्ष्मी माता।।

उमा, रमा, ब्रह्माणी, तुम ही जग-माता। 
मैया तुम ही जग-माता।।
सूर्य-चंद्रमा ध्यावत, नारद ऋषि गाता। 
ऊं जय लक्ष्मी माता।।

दुर्गा रूप निरंजनी, सुख सम्पत्ति दाता। 
मैया सुख संपत्ति दाता। 
जो कोई तुमको ध्यावत, ऋद्धि-सिद्धि धन पाता। 
ऊं जय लक्ष्मी माता।।

तुम पाताल-निवासिनि,तुम ही शुभदाता। 
मैया तुम ही शुभदाता। 
कर्म-प्रभाव-प्रकाशिनी,भवनिधि की त्राता। 
ऊं जय लक्ष्मी माता।।

जिस घर में तुम रहतीं, सब सद्गुण आता। 
मैया सब सद्गुण आता।
सब संभव हो जाता, मन नहीं घबराता। 
ऊं जय लक्ष्मी माता।।

तुम बिन यज्ञ न होते, वस्त्र न कोई पाता। 
मैया वस्त्र न कोई पाता।
खान-पान का वैभव,सब तुमसे आता। 
ऊं जय लक्ष्मी माता।।

शुभ-गुण मंदिर सुंदर, क्षीरोदधि-जाता। 
मैया क्षीरोदधि-जाता।
रत्न चतुर्दश तुम बिन, कोई नहीं पाता। 
ऊं जय लक्ष्मी माता।।

महालक्ष्मी जी की आरती,जो कोई नर गाता। 
मैया जो कोई नर गाता।
उर आनन्द समाता, पाप उतर जाता। 
ऊं जय लक्ष्मी माता।।

ऊं  जय लक्ष्मी माता, मैया जय लक्ष्मी माता। 
तुमको निशदिन सेवत, हरि विष्णु विधाता। 
ऊं जय लक्ष्मी माता।।

 

भगवान गणेश की आरती  
जय गणेश जय गणेश,जय गणेश देवा ।
माता जाकी पार्वती, पिता महादेवा ॥

एक दंत दयावंत, चार भुजा धारी ।
माथे सिंदूर सोहे, मूसे की सवारी ॥

जय गणेश जय गणेश,जय गणेश देवा ।
माता जाकी पार्वती, पिता महादेवा ॥

पान चढ़े फल चढ़े,और चढ़े मेवा ।
लड्डुअन का भोग लगे, संत करें सेवा ॥

जय गणेश जय गणेश,जय गणेश देवा ।
माता जाकी पार्वती, पिता महादेवा ॥

अंधन को आंख देत, कोढ़िन को काया ।
बांझन को पुत्र देत, निर्धन को माया ॥

जय गणेश जय गणेश, जय गणेश देवा ।
माता जाकी पार्वती पिता महादेवा ॥

07:39 PM, 08-Nov-2026

Diwali 2026 Citywise Lakshmi Puja Muhurat: शहरों के अनुसार जानें लक्ष्मी पूजन का शुभ समय

  • रांची: लक्ष्मी पूजा का शुभ मुहूर्त शाम 5:31 से 7:29 बजे तक रहेगा। प्रदोष काल शाम 5:07 से 7:41 बजे तक है।
  • पटना: लक्ष्मी पूजन का शुभ समय शाम 5:28 से 7:25 बजे तक रहेगा। प्रदोष काल शाम 5:04 से 7:40 बजे तक है।
  • नई दिल्ली: मां लक्ष्मी की पूजा का मुहूर्त शाम 5:54 से 7:50 बजे तक रहेगा। प्रदोष काल शाम 5:31 से 8:09 बजे तक है।
  • मुंबई: लक्ष्मी पूजा का शुभ समय शाम 6:27 से 8:27 बजे तक रहेगा। प्रदोष काल शाम 6:04 से 8:38 बजे तक है।
  • बेंगलुरु: पूजा का शुभ मुहूर्त शाम 6:17 से 8:20 बजे तक रहेगा। प्रदोष काल शाम 5:54 से 8:31 बजे तक है।
  • कोलकाता: लक्ष्मी पूजन शाम 5:20 से 7:18 बजे तक किया जा सकेगा। प्रदोष काल शाम 4:56 से 7:29 बजे तक है।
  • अहमदाबाद: पूजा का शुभ समय शाम 6:22 से 8:20 बजे तक रहेगा। प्रदोष काल शाम 5:59 से 8:32 बजे तक है।
  • जयपुर: लक्ष्मी पूजन का मुहूर्त शाम 6:03 से 7:59 बजे तक रहेगा। प्रदोष काल शाम 5:40 से 8:18 बजे तक है।
  • पुणे: पूजा का शुभ मुहूर्त शाम 6:24 से 8:24 बजे तक रहेगा। प्रदोष काल शाम 6:01 से 8:35 बजे तक है।
  • हैदराबाद: लक्ष्मी पूजा शाम 6:07 से 8:08 बजे तक की जा सकेगी। प्रदोष काल शाम 5:44 से 8:19 बजे तक है।
  • चेन्नई: पूजा का शुभ समय शाम 6:07 से 8:09 बजे तक रहेगा। प्रदोष काल शाम 5:44 से 8:21 बजे तक है।
07:34 PM, 08-Nov-2026

Diwali 2026: भगवान गणेश का ध्यान और मंत्र जाप

गणेश ध्यान मंत्र
वक्रतुण्ड महाकाय सूर्यकोटि समप्रभ। निर्विघ्नं कुरु मे देव सर्वकार्येषु सर्वदा॥

गणेश मूल मंत्र
ॐ गं गणपतये नमः॥

विज्ञापन
विज्ञापन
07:19 PM, 08-Nov-2026

Lakshmi Ganesh Pujan Vidhi: घर पर लक्ष्मी-गणेश की पूजा करने की सरल विधि

  • दिवाली के दिन घर में सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना के साथ मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की पूजा की जाती है। घर पर विधि-विधान से पूजा करने के लिए सबसे पहले एक साफ चौकी लें और उस पर लाल कपड़ा बिछाएं। इसके बाद चौकी पर मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की प्रतिमा या तस्वीर स्थापित करें। मां लक्ष्मी के पास भगवान विष्णु को सुपारी के रूप में विराजमान करें। मान्यता है कि भगवान विष्णु के साथ मां लक्ष्मी का वास होता है।
  • पूजा की चौकी पर सोने-चांदी के आभूषण, धनतेरस पर खरीदे गए बर्तन और कुछ रुपये भी रख सकते हैं। इसके बाद कलश स्थापना करें। इसके लिए एक लोटे में जल भरकर उसमें सुपारी, सिक्का, फूल, अक्षत और हल्दी डालें। लोटे के मुंह पर आम के पांच पत्ते लगाएं। फिर नारियल पर तिलक लगाकर कलावा बांधें और उसे कलश के ऊपर स्थापित कर दें।
  • इसके बाद फूलों की मदद से देवी-देवताओं पर जल छिड़कें और दीपक जलाकर पूजा शुरू करें। सबसे पहले भगवान गणेश और भगवान विष्णु को जनेऊ और मौली अर्पित करें। इसके बाद मां लक्ष्मी को लाल चुनरी, तिलक, अक्षत, फूल, श्रृंगार का सामान और कमल का फूल चढ़ाएं। साथ ही कमलगट्टा, गोमती चक्र, कौड़ी, सुपारी और हल्दी की गांठ भी अर्पित करें।
  • पूजा के दौरान सात प्रकार के अनाज यानी गेहूं, चावल, धनिया, धान, पीली सरसों, काली उड़द और मूंग की दाल भी मां लक्ष्मी को चढ़ाएं। भोग के लिए खील-बताशे, पांच प्रकार के फल, पंचमेवा और पान के पत्ते पर रखकर प्रसाद अर्पित करें। इसके साथ ही अपनी श्रद्धा के अनुसार दक्षिणा भी रखें।
  • अगर आपने दिवाली का व्रत रखा है, तो पूजा के समय मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की व्रत कथा सुनें। अंत में पूरे परिवार के साथ श्रद्धापूर्वक मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की आरती करें और सुख-समृद्धि की कामना करें।
07:05 PM, 08-Nov-2026

Diwali Pujan Samgri List: दिवाली 2026 पूजन सामग्री सूची

  • मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की प्रतिमा
  • पूजा के लिए लकड़ी की चौकी और लाल या पीला कपड़ा
  • पान के पत्ते और सुपारी
  • आम के पत्ते और फूलों की माला
  • ताजे फूल और कमल का फूल
  • रोली, कुमकुम, हल्दी और अक्षत (साबुत चावल)
  • रक्षा सूत्र या कलावा
  • चंदन और इत्र
  • लक्ष्मी चालीसा और लक्ष्मी पूजन विधि की पुस्तक
  • घंटी और शंख
  • रंगोली के रंग और बंदनवार
  • मां लक्ष्मी के चरण चिह्न
  • सिक्के और पूजा के लिए कुछ रुपये
  • आरती की पुस्तक
  • गंगाजल और शुद्ध जल
  • पूजा के लिए तांबे या चांदी की थाली
  • कलश, नारियल और आम के पत्ते
  • धूप, अगरबत्ती और कपूर
  • घी, तेल और मिट्टी के दीपक
  • रुई की बत्ती और माचिस
  • पंचमेवा 
  • खील, बताशे और मखाने
  • मिठाई, फल और नैवेद्य
  • धनिया के बीज और कमलगट्टे
  • लौंग, इलायची और मिश्री
06:49 PM, 08-Nov-2026

Diwali 2026 Lakshmi Charan: दिवाली पर लक्ष्मी चरण बनाने के सही नियम

  • मां लक्ष्मी के चरण हमेशा घर के अंदर की ओर आते हुए बनाने चाहिए। इनका मुख मुख्य द्वार से घर के अंदर और पूजा स्थल की दिशा में होना चाहिए।
  • मान्यता है कि लक्ष्मी जी के चरण मुख्य दरवाजे से शुरू होकर घर के मंदिर या पूजा स्थल की ओर जाने चाहिए। इसे मां लक्ष्मी के घर में आगमन का प्रतीक माना जाता है।
  • लक्ष्मी चरण बनाते समय ध्यान रखें कि वे ऐसी जगह हों, जहां आने-जाने वाले लोगों के पैर न पड़ें।
  • लक्ष्मी चरण बनाने के लिए रोली, हल्दी या चावल के आटे का उपयोग करना शुभ माना जाता है।
  • मां लक्ष्मी के पैरों के निशान हमेशा स्वच्छ और पवित्र स्थान पर ही बनाने चाहिए। इसके लिए पहले घर और मुख्य द्वार की अच्छी तरह सफाई कर लें।
  • धार्मिक मान्यता के अनुसार, लक्ष्मी चरणों को दिवाली के अगले दिन तुरंत साफ नहीं करना चाहिए। इन्हें तब तक रहने देना चाहिए, जब तक ये अपने आप हल्के न पड़ जाएं।
 
06:37 PM, 08-Nov-2026

Diwali 2026 Katha: दिवाली से जुड़ी प्रमुख पौराणिक कथाएं

दिवाली का त्योहार कई पौराणिक कथाओं और धार्मिक मान्यताओं से जुड़ा हुआ है। इनमें भगवान श्रीराम की अयोध्या वापसी और समुद्र मंथन से मां लक्ष्मी के प्रकट होने की कथाएं प्रमुख हैं।

भगवान श्रीराम के अयोध्या लौटने की कथा
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, त्रेतायुग में भगवान श्रीराम ने लंकापति रावण का वध कर बुराई पर अच्छाई की जीत हासिल की थी।इसके बाद भगवान श्रीराम माता सीता और भाई लक्ष्मण के साथ 14 वर्षों का वनवास पूरा करके कार्तिक अमावस्या के दिन अयोध्या वापस लौटे थे। प्रभु श्रीराम के आगमन की खुशी में अयोध्यावासियों ने पूरे नगर को दीपों से सजाकर उनका भव्य स्वागत किया था। मान्यता है कि तभी से दीप जलाकर दिवाली मनाने की परंपरा शुरू हुई। यह कथा बुराई पर अच्छाई और अंधकार पर प्रकाश की जीत का संदेश देती है।

समुद्र मंथन से मां लक्ष्मी के प्रकट होने की कथा
पौराणिक कथाओं के अनुसार, देवताओं और असुरों के बीच हुए समुद्र मंथन के दौरान मां लक्ष्मी प्रकट हुई थीं। मान्यता है कि मां लक्ष्मी का प्राकट्य कार्तिक मास की अमावस्या के दिन हुआ था। उनके प्रकट होने पर देवताओं ने उनकी स्तुति की और भगवान विष्णु ने उन्हें अपनी अर्धांगिनी के रूप में स्वीकार किया। इसी घटना की खुशी में दिवाली पर मां लक्ष्मी की पूजा करने की परंपरा प्रचलित हुई। धार्मिक विश्वास है कि दिवाली की रात मां लक्ष्मी की विधि-विधान से पूजा करने से घर में सुख-समृद्धि, धन-वैभव और खुशहाली बनी रहती है।

Load More
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें आस्था समाचार से जुड़ी ब्रेकिंग अपडेट। आस्था जगत की अन्य खबरें जैसे पॉज़िटिव लाइफ़ फैक्ट्स,स्वास्थ्य संबंधी सभी धर्म और त्योहार आदि से संबंधित ब्रेकिंग न्यूज़।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed