Shardiya Navratri 2024 Kanya Pujan Date: नवरात्रि में कन्या पूजन का विशेष महत्व होता है, जिसे कुमारी पूजा या कंजक पूजा के नाम से भी जाना जाता है। दुर्गा अष्टमी और महानवमी के दिन कन्या पूजन का विधान है। हालांकि जो लोग पूरी नवरात्रि में यानी नौ दिन व्रत रखते हैं, वे प्रत्येक दिन कन्या पूजन कर सकते हैं। 3 अक्तूबर 2024 से शारदीय नवरात्रि शुरू हो चुकी है, जो 11 अक्तूबर तक चलेगी। ऐसे में हर तरफ माता के जयकारे लग रहे हैं। घरों में कलश स्थापना के बाद से हर दिन मां दुर्गा की पूजा हो रही है। दरअसल, कन्याओं को मां दुर्गा का स्वरूप माना जाता है, इसलिए नवरात्रि में कन्या पूजन करने का विधान है। ऐसे में आइए जानते हैं कि इस बार शारदीय नवरात्रि में कन्या पूजन कब है? साथ ही जानेंगे पूजा का मुहूर्त और महत्व क्या है?
Kanya Pujan Navratri 2024: शारदीय नवरात्रि में किस दिन किया जाएगा कन्या पूजन? जानें तिथि, मुहूर्त और महत्व
कब है कन्या पूजन 2024?
पंचांग के अनुसार, इस साल अश्विन माह के शुक्ल पक्ष की अष्टमी तिथि 10 अक्तूबर को दोपहर 12:31 बजे से शुरू हो रही है, जो 11 अक्तूबर को दोपहर 12:06 बजे तक है। उदया तिथि के अनुसार दुर्गा अष्टमी 11 अक्टूबर शुक्रवार को मनाई जाएगी। इस बार दुर्गा अष्टमी और महा नवमी दोनों एक ही दिन 11 अक्तूबर को है।
3 शुभ योग में कन्या पूजन
इस बार कन्या पूजन के दिन 3 शुभ योग बन रहे हैं। इस दौरान सुकर्मा योग, रवि योग और सर्वार्थ सिद्धि योग बन रहे हैं। लेकिन कन्या पूजा के समय सुकर्मा योग ही प्राप्त होने वाला है, जो पूजा पाठ और अन्य मांगलिक कार्यों के लिए शुभ माना जाता है।
कन्या पूजा 2024 शुभ चौघड़िया मुहूर्त
चर-सामान्य मुहूर्त: 06:20 ए एम से 07:47 ए एम
लाभ-उन्नति मुहूर्त: 07:47 ए एम से 09:14 ए एम
अमृत-सर्वोत्तम मुहूर्त: 09:14 ए एम से 10:41 ए एम
शुभ-उत्तम मुहूर्त: 12:08 पी एम से 01:34 पी एम
चर-सामान्य मुहूर्त: 04:28 पी एम से 05:55 पी एम
कन्या पूजन 2024 मुहूर्त
कन्या पूजन के दिन ब्रह्म मुहूर्त सुबह 04:41 बजे से 05:30 बजे तक है। इस दिन सुबह मां महागौरी और मां सिद्धिदात्री का पूजन कर कन्याओं को पूजा के लिए आमंत्रित करें। इसके लिए आप 2 से 9 संख्या तक कन्याओं का पूजन कर सकते हैं। पूरे दिन सुकर्मा योग रहेगा। लेकिन सुबह में 06:20 बजे से 10:41 बजे तक का समय पूजा के लिए शुभ है। वहीं सुबह 10:41 बजे से दोपहर 12:08 बजे के बीच राहुकाल है।डिस्क्लेमर (अस्वीकरण): ये लेख लोक मान्यताओं पर आधारित है। यहां दी गई सूचना और तथ्यों की सटीकता, संपूर्णता के लिए अमर उजाला उत्तरदायी नहीं है।