कर्मचारी चयन आयोग ने लाखों अभ्यर्थियों को बड़ा झटका दिया है। प्रदेश कर्मचारी चयन आयोग ने करीब ढाई हजार पदों के लिए होने वाली भर्ती को दो माह के लिए टाल दिया है। बर्फबारी को इसकी कारण माना जा रहा है।
अब ये भर्तियां अप्रैल में होंगी। चंबा, लाहौल-स्पीति और किन्नौर समेत अन्य जनजातीय क्षेत्रों में बर्फबारी से जनजीवन अस्त-व्यस्त है। अब सर्दियां खत्म होने के बाद ही अगली प्रक्रिया शुरू होगी। आयोग मार्च के अंत के बाद ही इन ढाई हजार पदों के लिए छंटनी परीक्षाओं का शेड्यूल जारी करेगा।
आयोग ने 23 दिसंबर 2018 से जनवरी तक दो हजार पदों के लिए आवेदन मांगे थे। ऑनलाइन आवेदन में तकनीकी खराबी आने से दो बार आवेदन की तिथि बढ़ाई गई। 31 पोस्ट कोड में आवेदनों की छंटनी प्रक्रिया चली है।
इसके बाद छंटनी एवं लिखित परीक्षाओं का शेड्यूल जारी होगा। इससे पूर्व आयोग ने 5 जुलाई 2018 को 46 पोस्ट कोड और 16 सितंबर 2017 को 69 पोस्ट कोड के तहत हजारों पदों के लिए आवेदन मांगे थे। दोनों तिथियों के विभिन्न पोस्ट कोड की छंटनी परीक्षाएं अभी शेष हैं।
इनमें जूनियर ऑफिस असिस्टेंट (जेओए पोस्ट कोड 556) शामिल है। उधर, चयन आयोग के सचिव डॉ. जितेंद्र कंवर ने बताया कि बर्फबारी के चलते छंटनी परीक्षाएं करवाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उनकी प्राथमिकता है कि प्रदेश के सभी जिलों के अभ्यर्थियों को परीक्षा में भाग लेने का मौका मिले।