मुरारीलाल माहेश्वरी स्मृति मंडल स्तरीय वाद-विवाद प्रतियोगिता सोमवार को मंडी जिले के नेरचौक स्थित विजय मेमोरियल बीएड कॉलेज में संपन्न हुई। आईजी सेंट्रल जोन एन वेणुगोपाल ने कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। मंडी, बिलासपुर, हमीरपुर, कुल्लू और लाहौल स्पीति जिला को मंडल स्तरीय प्रतियोगिता में शामिल किया गया।
पक्ष और विपक्ष में तार्किक अभिव्यक्ति की कड़ी स्पर्धा में बिलासपुर कॉलेज की कोमल और गौरव ने पहला स्थान हासिल किया। दूसरे स्थान पर मंडी के बासा कॉलेज के सरोज कुमार और प्रवीण कुमार रहे। तीसरे स्थान संयुक्त रूप में मंडी वल्लभ कॉलेज की दमयंती व देवराज एवं घुमारवीं कॉलेज के अनूप और रजनीश ने हासिल किया। कार्यक्रम में विजय मेमोरियल कॉलेज के चेयरमैन गौरव मरवाह और उप-प्राचार्य दीप्ति मरवाह बतौर वशिष्ट अतिथि मौजूद रहे।
सोशल मीडिया पर प्रतिबंध लगाने पर बिलासपुर कॉलेज की कोमल चंदेल ने पक्ष की भूमिका निभाई। कहा कि आज के युग में सोशल मीडिया के गंदे गर्त में युवा पीढ़ी अश्लीलता ढूंढ रही है और अमर्यादित होती जा रही है। सोशल मीडिया का दौर ऐसा रहा तो युवा पीढ़ी देश के महान पुरुषों को भूल जाएगी। विपक्ष की भूमिका में गौरव ने कहा कि 80 फीसदी कंपनियां सोशल मीडिया के माध्यम से युवाओं को नौकरियां प्रदान करती हैं। इसका सकारात्मक प्रयोग हमारे हाथ में है। अगर प्याज काटने वाले चाकू से कोई नाक काट दे तो दोष चाकू का नहीं है।
बासा कॉलेज की टीम के प्रतिभागियों में पक्ष में सरोज कुमार ने कहा कि क्षेत्रवाद संघवाद के लिए एक दीमक की तरह है। जो इसे कमजोर करता जा रहा है। विपक्ष की तरफ से प्रवीण कुमार ने कहा कि हमारे भारतीय संविधान द्वारा संघवाद को पूरी तरह अपनाया नहीं गया है।
मंडी वल्लभ कॉलेज से पक्ष की भूमिका में दमयंती ने संघवाद का पुरजोर समर्थन कर क्षेत्रवाद को संघवाद के लिए बड़ा खतरा बताया। वहीं, विपक्ष में देवराज ने पक्ष का जवाब देते हुए कहा कि क्षेत्रवाद ने कभी भी भारतीय संघवाद को कमजोर नहीं किया है।