Himachal New CM: सुखविंदर सुक्खू के घर में जश्न का माहौल, बेटे को मां संसार देवी ने दी ये नसीहत
सुखविंद्र सुक्खू के मुख्यमंत्री बनने से घर में खुशी का माहौल है। परिवार के सदस्य दिन भर टीवी के सामने बैठकर समाचार सुनते रहे। सुक्खू की माता संसार देवी ने कहा कि उन्होंने बेटे को ईमानदारी से काम करना सिखाया है। उन्हें अच्छी शिक्षा देकर वकालत करवाई। ऑफर मिलने पर नौकरी के बजाय जनसेवा को चुना। वह चाहती हैं कि मुख्यमंत्री बनकर सुक्खू लोगों और प्रदेश की सेवा करें।
सुक्खू की पत्नी कमलेश कुमारी विशेष तौर पर उपस्थित रहीं। उन्होंने भी मंदिर में पूजा-अर्चना की। बाद में लोगों ने हलवा बांटकर खुशी मनाई। जलाड़ी गांव के लोगों में संजू परमार व सिद्धू परमार ने कहा कि पूजा-अर्चना नादौन से सुक्खू की जीत और मुख्यमंत्री बनने के लिए रखी गई थी। सुक्खू की पत्नी कमलेश को विशेष तौर पर आमंत्रित किया गया था।
प्रदेश की कमान संभालने जा रहे सुखविंद्र सुक्खू की माता संसार देवी ने बेटे को नसीहत दी है कि कभी गद्दारी मत करना और किसी से रिश्वत मत लेना। अगर किसी का काम होने वाला होगा तो जरूर करना और काम नहीं होने वाला होगा तो उसे रास्ता बताना। शनिवार देर शाम को बेटे के मुख्यमंत्री बनने की खबर सुनते ही 85 वर्षीय माता संसार देवी की आंखों से आंसू छलक आए।