हिमाचल प्रदेश में ऑरेंज अलर्ट के बीच शुक्रवार को ऊंचे इलाकों में बर्फबारी और मैदानी क्षेत्रों में झमाझम बारिश हुई। मार्च माह के दूसरे सप्ताह से कुल्लू और लाहौल घाटी में लगातार मौसम करवट ले रहा है। शुक्रवार को रोहतांग के साथ लाहौल के ऊंचाई वाले इलाकों में रुक-रुक कर बर्फबारी हो रही है। रोहतांग दर्रा, बारालाचा, कुंजम दर्रा सहित सीबी रेंज की पहाड़ियां ताजा बर्फबारी से सफेद हो गई हैं। वहीं कुल्लू घाटी में भी सुबह से मौसम खराब होने से बागवानों की चिंता बढ़ गई है। शिमला में रातभर झमाझम मेघ बरसे।
Himachal Weather: ऑरेंज अलर्ट के बीच प्रदेश में झमाझम बारिश, रोहतांग-बारालाचा में बर्फबारी
सुबह भी बारिश के बीच नौकरीपेशा लोगों और स्कूली छात्रों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने प्रशासन को सतर्क रहने की अपील की है। सैलानियों सहित स्थानीय लोगों से ऊंचाई वाले क्षेत्रों में नहीं आने को कहा गया है। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से प्रदेश में 3 अप्रैल तक मौसम खराब बने रहने का पूर्वानुमान है। रोहतांग में 10 तथा चंद्राघाटी में चार सेंटीमीटर बर्फ गिरी है। अटल टनल रोहतांग से सभी वाहनों की आवाजाही सामान्य है।
कहां कितनी बारिश (मिमी में)
कांगड़ा 14
शिमला 9.4
धर्मशाला 9.4
ऊना 8.2
नाहन 6.8
पालमपुर 6.2
सोलन 8.4
बिलासपुर 7
डलहौजी 8
कुफरी 7.2
धौलाकुआं 10
बरठीं 7
न्यूनतम पारा (डिग्री सेल्सियस में )
केलांग 2.3
कुकुमसेरी 2.7
कल्पा 3.5
नारकंडा 3.3
मनाली 8.2
शिमला 7.2
धर्मशाला 11.2
जाबन में ओलों का कहर, सेब पौधों में लगाए नेट टूटे- कुल्लू जिले के आनी के जाबन क्षेत्र में भारी ओलावृष्टि होने से बागवानों को झटका लगा है। फ्लावरिंग के समय हुई ओलावृष्टि से सेब की सेटिंग (आकार) प्रभावित होगी वहीं एंटी हेलनेट न डालने से सेब की कलियां (कोंपले) पत्तों सहित जमीन पर गिर गईं। कई बागवानों ने ओलों के बचाव के लिए एंटी हेलनेट लगाए हैं।