हिमाचल प्रदेश में शनिवार और रविवार को क्षेत्रवार रेड, ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन दो दिनों के दौरान मैदानी जिलों में झमाझम बारिश और मध्य व उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में भारी बर्फबारी का पूर्वानुमान है। सोमवार से मौसम में सुधार आने की संभावना जताई गई है। शुक्रवार को रोहतांग में बर्फबारी और धर्मशाला, पालमपुर में बारिश हुई। राजधानी शिमला समेत प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में बादल छाए रहे। प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होते ही कई क्षेत्र शीतलहर की चपेट में आ गए हैं।
मौसम: हिमाचल में दो दिन भारी बारिश-बर्फबारी का रेड और ऑरेंज अलर्ट, जनजातीय भागों में दुश्वारियां बरकरार
शिमला, कुल्लू, मंडी, लाहौल-स्पीति और किन्नौर जिले के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भारी बर्फबारी और निचले क्षेत्रों में भारी बारिश का रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। शुक्रवार रात से प्रदेश के मौसम में बदलाव आने के आसार हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक सुरेंद्र पॉल ने बताया कि शनिवार और रविवार को प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में भारी बारिश और बर्फबारी की चेतावनी जारी की गई है। सोमवार से मौसम में हल्का सुधार आएगा।
उधर, शुक्रवार दोपहर बाद धर्मशाला में हल्की बारिश हुई।लगातार चौथे दिन भी इंद्रुनाग और बिलिंग में मानव परिंदे उड़ान नहीं भर सके। शुक्रवार को सुंदरनगर में अधिकतम तापमान 17.7, बिलासपुर 15.5, भुंतर 15.4, ऊना 15.3, नाहन 14.9, सोलन 14.5, हमीरपुर 13.8, कांगड़ा 13.4, धर्मशाला 11.6, चंबा 10.6, शिमला 9.8, कल्पा 4.0, डलहौजी 3.7 और केलांग में माइनस 1.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
क्षेत्र न्यूनतम तापमान (डिग्री सेल्सियस में)
केलांग - 9.0
कल्पा - 4.1
कुफरी - 1.0
मनाली 0.0
डलहौजी 1.5
शिमला 3.2
धर्मशाला 4.2