हिमाचल में पिछले दिन से लगातार जारी भारी बारिश से भूस्खलन और पेड़ गिरने से चार लोगों की जान चली गई। तीन लोग घायल हुए हैं। शुक्रवार दोपहर एक बजे बिलासपुर से कल्लर की तरफ जा रही कार गंभरोला पुल के पास पहाड़ी से गिरी चट्टान की चपेट में आ गई। चट्टान समेत कार खाई में गिर गई।
हादसे में पति-पत्नी समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। दो घायलों को गंभीर हालत में बिलासपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एसपी अंजुम आरा ने बताया कि हादसे में कृष्ण लाल (62), उनकी पत्नी विमला देवी और सुख देवी पत्नी रूप लाल निवासी कल्लर की मौत हो गई है। हादसे के शिकार लोग एक ही परिवार के हैं।
नाहन के पझौता के सरवा गांव में खेत में टेंट लगाकर टमाटर भर रहे किसान परिवार पर बान का पेड़ गिर गया। इसमें बाबूराम (40) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी बेटी तमन्ना को हल्की चोटें आई हैं।
मंडी के कटौला में बागीनाले में बाढ़ से एक फुटब्रिज टूट गया है। 6 दुकानों और श्मशानघाट में मलबा घुस गया है। एक मोटरसाइकिल और स्कूटर भी मलबे में दब गए हैं। प्रदेश में भारी बारिश से नदी-नाले उफान पर हैं। कई पेयजल योजनाएं ठप हो गई है। प्रदेश में 280 से अधिक संपर्क मार्ग बाधित हो गए हैं।
प्रत्यक्षदर्शी राहुल नेगी ने बताया एची24 बी 4192 कार में सवार पांच लोग हमारी गाड़ी से आगे-आगे चल रहे थे। अचानक पहाड़ी से चट्टान टूटकर गिरी और कार को अपने साथ खाई में ले गई। कुछ देर के लिए हम सन्न रह गए। अगर हमारा फासला कम होता तो हम भी चट्टान की चपेट में आ जाते।