दुनिया के सबसे खतरनाक हाइवे पर जहां लोगों को पैदल चलते हुए भी डर लगता है और वहां से गुजरने में कतराते हैं। उन्हीं सड़कों पर 23 साल की पूनम हैवी ट्रक दौड़ाती है। दुनिया के सबसे खतरनाक हाइवे में से एक शिमला-किन्नौर हाइवे पर पूनम ने हैवी व्हीकल दौड़ाने में महारत हासिल कर रखी है।
हिमाचल के जिला किन्नौर का नाम सुनते ही ज्यादातर ड्राइवर वहां की खतरनाक सड़कों और साथ बहती सतलुज के तेज प्रवाह को देखते ही जाने से मना कर देते हैं वहीं उसी सड़क पर पूनम ने रामपुर से 144 किलोमीटर दूर रारंग गांव तक न सिर्फ ट्रक चलाया बल्कि इस ट्रक में भवन निर्माण की कई टन सामग्री भी सही सलामत पहुंचाई।
पूनम ने रामपुर से रारंग तक का सफर 6 घंटे में पूरा किया। रारंग तक के सफर पर कई ऐसे भी स्थान थे जहां पर सिंगल रोड होने की वजह से आगे से गाड़ी आ जाने पर काफी पीछे हटकर पास देना पड़ा। इस सफर के दौरान उन्होंने 8 हजार मीटर उंचाई वाले क्षेत्र में भी गाड़ी चलाई है।
पूनम के रारंग सही सलामत पहुंचने पर गांव के लोगों ने उसका स्वागत किया और उसके प्रयासों की खूब सराहना की। वहीं अब पूनम की खतरनाक सड़कों पर ड्राइविंग का वीडियो सोशल मीडिया और यू ट्यूब पर वायरल हो गया है और अभी तक 10 हजार लोगों ने इसे यू ट्यूब में देखा है।
खारदुंगला सड़क में चलाना चाहती है ट्रक- पूनम अब दुनिया की सबसे उंचाई वाली सड़क खारदुंगला पास पर ट्रक चलाना चाहती है। 17582 फीट की उंचाई वाली इस सड़क को सबसे खतरनाक सड़क माना जाता है और साल के अधिकतर समय यह बर्फ से ढकी रहती है। पूनम का कहना है कि वे लेह और इसके बाद लेह से खारदुंगला पास तक अकेले ट्रक चलाना चाहती हैं।