हिमाचल में टीजीटी की बैचवाइज आधार पर भरे जाने वाले पदों के लिए काउंसलिंग की प्रक्रिया फिलहाल लटक गई है।
प्रारंभिक शिक्षा विभाग में बैचवाइज आधार पर भरे जाने वाले ट्रेंड ग्रेजुएट टीचर (टीजीटी) के 329 नए पदों को भरने के लिए अभी डेढ़ माह और इंतजार करना पड़ेगा। चुनाव आचार संहिता के चलते बीते दिनों काउंसलिंग नहीं होने के कारण भर्ती प्रक्रिया लटक गई है।
लाहौल स्पीति और कुल्लू जिले में अभी अभ्यर्थियों की काउंसलिंग होनी है। स्टेट मेरिट बनाने में अभी और समय लगने की संभावना है। ऐसे में जुलाई के दूसरे सप्ताह तक ही परिणाम निकलेगा।
टीजीटी आर्ट्स के 197, टीजीटी नॉन मेडिकल के 92 पद और टीजीटी मेडिकल के 42 पद काउंसलिंग के माध्यम से भरे जाने हैं। टेट क्वालिफाई करने वाले ही भर्ती प्रक्रिया में भाग लेने के लिए पात्र हैं। प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय ने फरवरी महीने में काउंसलिंग प्रक्रिया शुरू की थी।
बीते साल नवंबर महीने में हुई कैबिनेट बैठक में टीजीटी के 835 नए पद भरने को मंजूरी दी गई थी। इसी कड़ी में निदेशालय ने 329 पद बैच वाइज भरने की प्रक्रिया शुरू की। शेष पद सीधी भर्ती से भरने के लिए कर्मचारी चयन आयोग को मामला भेजा गया है।