Asif Basra Death: बॉलीवुड अभिनेता आसिफ बसरा ने हिमाचली फिल्म सांझ में बहुत ही शानदार अभिनय किया था। फिल्म की कहानी लोगों के दिल को छू गई थी। यह पहली हिमाचली फिल्म थी जिसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली थी। हिमाचली फिल्म सांझ 14 अप्रैल 2017 को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। हिमाचली संस्कृति पर आधारित फिल्म को दो भाषाओं में दिखाया गया था। एक घंटे पचास मिनट की फिल्म में बॉलीवुड सिंगर मोहित चौहान ने पहाड़ी बोली में अपनी आवाज दी थी। फिल्म में बॉलीवुड अभिनेता आसिफ बसरा और अभिनेत्री तरनजीत कौर ने अहम भूमिका निभाई थी।
ये थी फिल्म की कहानी- फिल्म की कहानी 16 साल की लड़की से शुरू होती है। उसका नाम संजू है। संजू के माता पिता उसे जबरदस्ती गांव में रहने के लिए दादी के पास जबरदस्ती छोड़ देते हैं। लेकिन संजू वहां नही रहना चाहती। ऐसे में जब संजू को गांव में रहना पड़ता है, तो धीरे धीरे उसकी दोस्ती दादी और एक अन्य युवक से होती है। फिल्म में संजू की दादी का किरदार रुपेश्वरी शर्मा ने निभाया था।
फिल्म में बताया गया था कि आधुनिक युग में युवा पीढ़ी अपनी संस्कृति को सांझ (शाम) की तरह खो रही है। हिमाचल में यह फिल्म शिमला, सोलन, मंडी, हमीरपुर, नूरपुर, ऊना, धर्मशाला, पालमपुर के थियेटरों में दिखाई गई थी। फिल्म को 1.25 करोड़ के बजट में पूरा किया गया था। फिल्म के प्रोड्यूसर एवं डायरेक्टर अजय सकलानी थे। फिल्म में पोती का किरदार अदिति चाढ़क ने निभाया था। वहीं फिल्म में एक्टर विशाल परपगा, शिवानी शर्मा, समीर आजाद और सारिका कटोच भी थे।
फिल्म सांझ का अमेरिका में डंका बजा था। वर्ष 2017 में अमेरिका के कैलिफोर्निया में हुए बोरैगो स्प्रिंग्स फिल्म फेस्टिवल में सांझ फिल्म को बेस्ट फीचर फिल्म का अवॉर्ड दिया गया था। हिमाचली भाषा में बनी सांझ फिल्म ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खूब चर्चा बटोरी थी। सांझ फिल्म को दो अंतरराष्ट्रीय सम्मान मिल थे। 16 जनवरी 2017 को अमेरिका के कैलिफोर्निया में हुए 'बोरैगो स्प्रिंग्स फिल्म फेस्टिवल' में 'सांझ' फिल्म को बेस्ट फीचर फिल्म के अवार्ड से सम्मानित किया गया था।
इस फेस्टिवल में दुनिया भर से आई 750 फिल्मों से सांझ को सर्वश्रेष्ठ फिल्म घोषित किया गया था। इससे पहले सांझ फिल्म को कैलिफोर्निया में ही अकोलेड ग्लोबल फिल्म कम्पटीशन में अवार्ड ऑफ मेरिट से भी सम्मानित किया गया था। 26 जनवरी 2017 को सांझ फिल्म अमेरिका के लुसियाना स्टेट में ‘सिनेमा ऑन द बायू फिल्म फेस्टिवल’ में दर्शकों को दिखाई गई थी।