मध्य प्रदेश के 8 शहरों में 13 दिनों तक खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2022 होने वाले हैं। शनिवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2022 के मशाल, शुभंकर और एंथम लांच किया।
मध्य प्रदेश खेलो इंडिया यूथ गेम्स- 2022 के पांचवें संस्करण की मेजबानी कर रहा है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को शौर्य स्मारक में आयोजित कार्यक्रम में गेम्स के शुभंकर मोगली का लोकापर्ण किया। इसके अलावा थीम सांग भी लांच किया। वहीं, मशाल भी जलाई। सीएम ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि अभी तो यह ट्रेलर है। 30 जनवरी को पूरी फिल्म दिखाई जाएगी। सीएम ने कहा कि भोपाल को भी खेलों का हब बनाएंगे। उन्होंने मध्य प्रदेश के खिलाड़ियों की जमकर प्रशंसा की। साथ ही सरकार की तरफ से खिलाड़ियों के पदक जीतने पर सीधे डीएसपी बनाने, प्रशिक्षण के लिए राशि देने समेत अन्य योजनाओं के बारे में भी बताया। कार्यक्रम में केंद्रीय युवा मामले एवं खेल राज्य मंत्री निशीथ प्रमाणिक विशिष्ट अतिथि, मध्य प्रदेश की खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया, चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग, मंत्री बृजेंद्र सिंह यादव मौजूद थे।
2 of 2
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान
- फोटो : अमर उजाला
6 हजार खिलाड़ी लेंगे हिस्सा
मध्य प्रदेश में 30 जनवरी से 11 फरवरी तक खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2022 का आयोजन होगा। यह खेल 8 शहरों की अलग-अलग जगह पर आयोजित होंगे। इसमें 6 हजार खिलाड़ी भाग लेंगे।
इन शहरों में होंगे गेम्स
खेलो इंडिया यूथ गेम्स पांचवें संस्करण का आयोजन प्रदेश के आठ शहरों में किया जाएगा। इसमें भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, जबलपुर, मंडला, बालाघाट और खरगोन में महेश्वर में होगा। इसके अलावा दिल्ली में साइकिल चलाना खेल कार्यक्रम का आयोजन होगा।