फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें

मध्यप्रदेश भाजपा: नई टीम का बूथ कनेक्ट, देब-रेखा ने कार्यकर्ताओं के घर पहुंचकर साधा संवाद, कल अहम बैठक

Wed, 30 Sep 2026 09:20 PM IST
Anand Pawar न्यूज डेस्क, अमर उजाला, भोपाल
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, भोपाल Published by: Anand Pawar Updated Wed, 30 Sep 2026 09:20 PM IST
सार

मध्यप्रदेश भाजपा की नई टीम ने जिम्मेदारी संभालते ही संगठन के जमीनी नेटवर्क पर फोकस का संकेत दिया। प्रदेश प्रभारी बिप्लब कुमार देब और सह प्रभारी रेखा वर्मा ने वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात के साथ बूथ कार्यकर्ताओं के घर पहुंचकर संवाद किया और सरकार-संगठन के बेहतर तालमेल पर जोर दिया।

विज्ञापन
MP BJP’s New Team Focuses on Booth Connect, Deb-Rekha Meet Workers at Their Homes
भाजपा कार्यालय में सभी वरिष्ठ नेतागण - फोटो : अमर उजाला
मध्यप्रदेश भाजपा के नए प्रदेश प्रभारी बिप्लब कुमार देब और सह प्रभारी रेखा वर्मा ने जिम्मेदारी संभालने के बाद बुधवार को भोपाल में संगठन के अलग-अलग स्तरों से संवाद कर अपनी प्राथमिकताओं के संकेत दिए। दोनों नेताओं ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात के साथ बूथ कार्यकर्ताओं के घर पहुंचकर भोजन और चाय पर बातचीत की। इससे साफ है कि नई टीम की शुरुआत सिर्फ प्रदेश कार्यालय की बैठकों तक सीमित नहीं रही, बल्कि संगठन के जमीनी ढांचे तक पहुंचने पर भी जोर रहा। देब ने लालघाटी स्थित गुफा मंदिर में दर्शन-पूजन के बाद पूर्व राज्यपाल कप्तान सिंह सोलंकी और विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर से उनके निवास पर मुलाकात की। दोनों वरिष्ठ नेताओं के साथ उन्होंने विभिन्न विषयों पर चर्चा की। इसके बाद देब प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के साथ दक्षिण-पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के वार्ड-32 के बूथ क्रमांक-69 की कार्यकर्ता मीना जाटव के घर पहुंचे। यहां दोनों नेताओं ने परिवार के साथ भोजन किया। बाद में देब ने वार्ड-27 के बूथ अध्यक्ष मुकेश गुप्ता के घर चाय पर कार्यकर्ताओं से संवाद किया।


ये भी पढ़ें-  एमपी: मंत्री उदय प्रताप सिंह बोले- राहुल गांधी की राजनीति 30 साल पीछे चल रही, 26 की उम्र वाला काम 57 में कर रहे

बूथ कार्यकर्ता के घर पहुंचने का संदेश
नई जिम्मेदारी संभालने के पहले ही दिन प्रदेश प्रभारी का बूथ कार्यकर्ताओं के घर पहुंचना संगठन की जमीनी इकाई पर फोकस का संकेत माना जा रहा है। इसी क्रम में सह प्रभारी रेखा वर्मा भी अरेरा कॉलोनी के बूथ क्रमांक-203 की कार्यकर्ता रंजना प्रसाद के घर भोजन करने पहुंचीं। इसके बाद रेखा वर्मा शाहपुरा की आंगनवाड़ी पहुंचीं। यहां उन्होंने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का सम्मान किया, बच्चों को फल बांटे और लाभार्थी महिलाओं से संवाद किया। उन्होंने परिसर में पौधारोपण भी किया। 

ये भी पढ़ें-  भोपाल: रिटायर्ड आईएएस अफसर राकेश अग्रवाल की गला रेतकर हत्या, दो दिन पहले रखा नौकर गायब; सीएम के सख्त निर्देश

 
MP BJP’s New Team Focuses on Booth Connect, Deb-Rekha Meet Workers at Their Homes
मध्यप्रदेश भाजपा की कोर कमेटी की बैठक - फोटो : अमर उजाला
प्रदेश कार्यालय में नेताओं के साथ माल्यार्पण
दिन के कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, बिप्लब कुमार देब, रेखा वर्मा और संगठन महामंत्री चंद्रशेखर ने प्रदेश भाजपा कार्यालय में महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया। इस दौरान पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी कार्यालय में मौजूद रहे। नई संगठन टीम के प्रमुख चेहरों की एक साथ मौजूदगी के बीच आगामी संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर भी नेताओं के बीच संवाद हुआ।

संगठन और सरकार के बीच बेहतर तालमेल पर जोर
बिप्लब कुमार देब ने कहा कि वह और रेखा वर्मा मिलकर मध्यप्रदेश में संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय के लिए काम करेंगे। सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने के साथ संगठन को और मजबूत करना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि सरकार और संगठन की टीम जिन कार्यों को आगे बढ़ा रही है, उसमें सहयोग करना उनका लक्ष्य है। देब ने कहा कि उन्होंने हनुमानजी के दर्शन किए हैं। जिस तरह हनुमानजी ने रामराज्य की स्थापना के लिए काम किया, उसी भावना के साथ आगे बढ़ने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति यानी अंत्योदय तक पहुंचना उनकी प्राथमिकता है। 

ये भी पढ़ें-  भोपाल: आदेश खामरा को दोहरा उम्रकैद, ट्रक लूटने के लिए ड्राइवर-क्लीनर की हत्या, आठ साल बाद आया फैसला

रेखा वर्मा बोलीं- संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत करेंगे
भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और मध्यप्रदेश की सह प्रभारी रेखा वर्मा ने प्रदेश की जिम्मेदारी दिए जाने पर पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का आभार जताया। उन्होंने कहा कि संगठन को निचले स्तर तक मजबूत करने के लिए काम किया जाएगा। रेखा वर्मा ने कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व में सरकार विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही है। सरकार और संगठन के बीच समन्वय के साथ काम हो रहा है। उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत करने और सरकार के काम को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने के लिए सभी मिलकर काम करेंगे।

विजयवर्गीय को इशारे से पास बुलाया, कुछ देर हुई बातचीत
प्रदेश भाजपा कार्यालय में बुधवार को पार्टी नेताओं के स्वागत और प्रतिमा माल्यार्पण के दौरान एक अलग दृश्य भी नजर आया। मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और प्रहलाद पटेल एक ही वाहन से पार्टी कार्यालय पहुंचे थे। कार्यक्रम के दौरान दोनों नेता कुछ दूरी पर खड़े थे। इसी बीच दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण के बाद भाजपा के प्रदेश प्रभारी बिप्लब कुमार देब की नजर विजयवर्गीय पर पड़ी। देब ने इशारे से उन्हें अपने पास बुलाया। विजयवर्गीय उनके पास पहुंचे और दोनों नेताओं के बीच कुछ देर बातचीत हुई। इसके बाद देब पार्टी के अन्य नेताओं के साथ निर्धारित बैठक में शामिल हो गए।

कोर कमेटी की बैठक में ये नेता रहे मौजूद
भाजपा प्रदेश कार्यालय में  हुई कोर कमेटी की बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश प्रभारी बिप्लब कुमार देब शामिल हुए। बैठक में सह प्रभारी रेखा वर्मा, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लाल सिंह आर्य, संगठन महामंत्री चंद्रशेखर, उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ला भी मौजूद रहे। इसके अलावा कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, राकेश सिंह, प्रहलाद पटेल और संपतिया उइके, सांसद विष्णुदत्त शर्मा, फग्गन सिंह कुलस्ते और लता वानखेड़े तथा आंध्रप्रदेश के प्रदेश प्रभारी अरविंद भदौरिया ने भी बैठक में हिस्सा लिया।

1 अक्टूबर को संगठन की अहम बैठक
अब नई टीम का अगला फोकस प्रदेश संगठन की बैठक पर रहेगा। बिप्लब कुमार देब और रेखा वर्मा 1 अक्टूबर को सुबह 11 बजे भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेश पदाधिकारियों, संभाग प्रभारियों और विभिन्न मोर्चों के प्रदेश अध्यक्षों के साथ बैठक करेंगे। बैठक में प्रदेश संगठन के आगामी कार्यक्रमों और संगठन से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी। इससे पहले रेखा वर्मा सुबह 10 बजे बोर्ड ऑफिस चौराहे पर डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगी। नई टीम के सामने प्रदेश संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय रखने, सरकार और संगठन के बीच समन्वय बढ़ाने तथा पार्टी के आगामी कार्यक्रमों को जमीनी स्तर तक पहुंचाने की चुनौती रहेगी।
 
अगली फोटो गैलरी देखें
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed