मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शारदीय नवरात्र के पहले दिन बलरामपुर के शक्तिपीठ देवीपाटन मंदिर में पूजा की और गौशाला जाकर गाय को चारा खिलाया। इस अवसर पर प्रदेशवासियों को नवरात्र की शुभकामनाएं दी।
शक्तिपीठ मंदिर में पूजन के बाद योगी मंदिर परिसर में स्थित गौशाला पहुंचे और गौपूजन कर गाय को चारा खिलाया। उन्होंने गौशाला का निरीक्षण भी किया।
बता दें कि नवरात्र में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर में रहकर शक्ति उपासना करते हैं लेकिन पिछले नवरात्र पर भी कोविड-19 के प्रभाव के चलते अपने मठ नहीं जा सके थे।
गौशाला में मुख्यमंत्री योगी ने कामधेनु गाय का पूजन किया और चारा खिलाया।
इसके अलावा, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बलरामपुर की पुलिस लाइन में महिलाओं, बालिकाओं व बच्चों को खुद की सुरक्षा, सम्मान व स्वालंबन के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष अभियान ‘मिशन शक्ति’ का शुभारंभ किया। यह अभियान नौ दिन चलेगा।
मिशन शक्ति अभियान 25 अक्तूबर तक चलेगा। इसके बाद अप्रैल तक हर महीने यह अभियान एक-एक सप्ताह के लिए चलाया जाएगा जिसके लिए तिथिवार थीम निर्धारित की गई है। अपर मुख्य सचिव महिला कल्याण, बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार एस. राधा चौहान ने शुक्रवार को विशेष अभियान ‘मिशन शक्ति’ के सफल क्रियान्वयन के संबंध में सभी जिला प्रोबेशन अधिकारियों, महिला कल्याण एवं जिला कार्यक्रम अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा महिलाओं, बालिकाओं व बच्चों की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन के संदर्भ में एक व्यापक कार्ययोजना बनाई गई है।