लखनऊ में 34,716 सिपाहियों की भर्ती का परिणाम जारी करने की मांग को लेकर लक्ष्मण मेला मैदान पर प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थी बेलगाम हो गए। नारेबाजी करते हुए कई अभ्यर्थी गोमती नदी में कूद गए। जिससे कि हड़कंप मच गया। जब वो डृबने लगे तो उनके साथियों ने ही मफलर की रस्सी बनाकर उन्हें बाहर निकाला।
गोमती नदी में कूदा एक अभ्यर्थी। इस दौरान उसके साथी शोर मचाते रहे।
दरअसल, उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती व प्रोन्नति बोर्ड द्वारा 29 दिसंबर 2015 को जारी की गई 34,716 सिपाहियों की भर्ती पर अब तक कोई फैसला न लिए जाने से निराश अभ्यर्थी लखनऊ के लक्ष्मण मेला मैदान में प्रदर्शन कर रहे थे। उनका कहना है कि जब तक प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तरफ से उन्हें कोई आश्वासन नहीं मिल जाता वो यहां से नहीं हटेंगे।
अभ्यर्थियों का कहना है कि 29 दिसंबर 2015 को बोर्ड द्वारा 34,716 सिपाहियों की भर्ती का विज्ञापन जारी किया गया था। जिसके तहत 28916 पुरुष व 5800 महिला पुलिस आरक्षी एवं आरक्षी पीएसी के पदों पर भर्ती होनी थी। भर्ती प्रक्रिया चल रही थी लेकिन राजनीतिक भावना के प्रेरित होकर इसके खिलाफ इलाहाबाद हाइकोर्ट में याचिका दायर की गई थी। जिस पर फैसला लेते हुए कोर्ट ने 27 मई 2016 को भर्ती प्रक्रिया के अंतिम परिणाम पर रोक लगा दी थी।
अभ्यर्थियों का कहना है कि प्रमुख सचिव गृह से मुलाकात में उन्हें आश्वासन दिया गया था कि जब तक इन भर्तियों पर कोई फैसला नहीं हो जाता आगे कोई भर्ती विज्ञापन जारी नहीं किया जाएगा, लेकिन भर्ती बोर्ड ने 42 हजार सिपाही भर्ती के लिए 14 जनवरी 2018 को विज्ञापन जारी कर दिया।