सारे जहां से अच्छा हिंदोस्तां हमारा.... जैसे देशभक्ति गीतों पर कदम ताल करते सेना के जवान...साथ में पुलिस व स्कूली बच्चों की टुकड़ियां.... पुष्पवर्षा का करता हेलीकॉप्टर और आसमां को अपनी गड़गड़ाहट से गुंजायमान करता टी 90 भीष्म टैंक।
लखनऊ में विधानभवन के सामने बुधवार को 73वें गणतंत्र दिवस पर शौर्य, प्रगति और लोक कलाओं का अनूठा संगम देखने को मिला। बदली और गुलाबी ठंड के बीच राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ विधानभवन में ध्वजारोहण किया।
इस दौरान मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र व मंत्रीगण सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। लेफ्टिनेंट कर्नल सिद्दन्ना मुन्नौली के नेतृत्व में परेड में युद्धक टैंक टी 90 भीष्म, नायब सूबेदार उत्तम कुमार के नेतृत्व में 105/37 एम एम लाइट फील्ड गन दस्ता, सूबेदार श्रवण कुमार के नेतृत्व में इगला मिसाइल सिस्टम दस्ता, नेटवर्क आपरेशन सेंटर वाहन समेत एक एक कर निकलते वाहन दस्तों ने दर्शक दीर्घा में उपस्थित लोगों को रोमांचित कर दिया।
पैदल टुकड़ियों में वैभव कटारिया के नेतृत्व में 9वीं कुमाऊं रेजीमेंट की पैदल टुकड़ी और कुलदीप चंद्र के नेतृत्व में आईटीबीपी के जवानों की टुकड़ी के प्रदर्शन पर लोग तालियां बजाते नजर आए।
पैदल टुकड़ियों में सिक्ख लाईट इंफेंट्री रेजीमेंट, 11 जी आर आरसी मिलिट्री ब्रांस बैंड, गोरखा राइफल पुरुष टुकड़ी समेत अन्य पैदल टुकड़ियों ने रोमांच को दोगुना कर दिया। पहली बार परेड में जुड़ी महिला होमगार्ड की टुकड़ी और फायर बिग्रेड की मेरी वेदर लंदन मॉडल आकर्षण का केंद्र रहीं। दर्शक दीर्घा भारत माता के जयघोष से गूंज उठा।
महाराष्ट्र के दिंडी लोक नृत्य ने खूब बटोरी तालियां
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति में महाराष्ट्र के दिंडी लोकनृत्य पर कलाकारों ने जैसे ही नृत्यांगना को अपने कंधों पर खड़ाकर दौड़ लगाई, दर्शक दीर्घा तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठी।
कोरोना टीकाकरण पर नृत्य प्रस्तुति ने मोहा मन
सीएमएस कानपुर रोड शाखा दल द्वारा भारत का टीकाकरण थीम पर नृत्य प्रस्तुति ने कोविड वैक्सीनेशन का संदेश दिया।