वर्ल्ड फोटोग्राफी डे पर यूपी की इस फोटोग्राफर का जिक्र न हो, ऐसा हो नहीं सकता। वह भले ही देश के बड़े राजनीतिक कुनबे से ताल्लुक रखती हैं लेकिन उनकी राजनीति में जरा भी दिलचस्पी नहीं। उन्हें कैमरे का साथ पसंद आता है और सुकून मिलता है शेर, चीतों के बीच घने जंगलों में। जी हां हम बात कर रहे हैं वाइल्ड लाइफ फोटोग्राफर अभिलाषा यादव की। अभिलाषा सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव के भाई अभयराम की बहू हैं।
अभिलाषा अभयराम के बेटे अनुराग यादव की पत्नी हैं। उनको लोग सिर्फ यादव परिवार की बहू होने के नाते ही नहीं बल्कि उभरती वाइल्ड लाइफ फोटोग्राफर के रूप में जानते हैं। हालांकि जब उनसे बातचीत की गई तो वह अपना परिचय एक हाउस वाउफ और दो बच्चों की मां के रूप में देती हैं।
अभिलाषा ने बातचीत में बताया कि उनकी स्कूलिंग सेंट पॉल स्कूल से हुई है। ग्रेजुएशन अवध डिग्री कॉलेज और दिल्ली आईआईएफटी से फैशन डिजाइनिंग का कोर्स भी किया है। उन्होंने बताया कि वह प्रकृति के काफी करीब हैं और फोटोग्राफर परिवार में पले-बड़े होने के चलते उनका झुकाव वाइल्ड लाइफ फोटोग्राफी की तरफ हो गया। हालांकि वाइल्ड लाइफ फोटोग्राफी की ट्रेनिंग उन्होंने कहीं से नहीं ली हैं।
अभिलाषा ने बताया कि फोटोग्राफी उनके खून में है। शायद यही वजह है कि इतने बड़े राजनीतिक परिवार से जुड़ने के बाद भी वह फोटोग्राफी को एंज्वॉय करती हैं। हालांकि उनके बच्चों में पॉलिटिकल ब्लड है तो वे अभी से राजनीति में दिलचस्पी लेती है। अभिलाषा की बेटी 17 और बेटा 13 साल का है।
उन्होंने बताया कि उनके दादाजी फोटोग्राफर थे, इसके बाद उनके पिताजी भी फोटोग्राफर रहे और अब उनके भाई भी इसी फील्ड में हैं। अभिलाषा ने बताया कि उनके दादा जी ने 1947 में लखनऊ के हुसैनगंज में फोटो स्टूडियो बनाया था। नेताजी (मुलायम सिंह यादव) से उनकी जान-पहचान उसी स्टूडियो की वजह से हुई थी।