लखनऊ से ट्रेनों का सफर दिन प्रतिदिन यात्रियों के लिए मुश्किल भरा होता जा रहा है। रेलवे मंत्रालय से फटकार व ट्रेनों का संचालन सुधारने की तमाम हिदायतों के बाद भी अधिकारी ट्रेनों की बिगड़ी चाल सुधारने में नाकाम हैं। विडंबना तो ये है कि ट्रेनों को समय की पटरी पर दौड़ाने के प्रयास के बजाय अधिकारी अपनी लाचारी पर परदा डालने के लिए यात्री ही नहीं बल्कि रेल मंत्रालय को झूठी सूचनाएं देने से भी बाज नही आ रहे हैं।
लेटलतीफ ट्रेनों को एनटीईएस पर ऑनटाइम दिखाकर यह खेल किया जा रहा है। पुष्पक एक्सप्रेस में इस खेल का यात्री ने वीडियो वायरल किया तो अफसर बैकफुट पर आ गए। खुद डीआरएम को विभागीय अफसर की इस लापरवाही पर खेद जताना पड़ा। उन्होंने ट्रेन यात्रियों को समय की पटरी पर लाने का आश्वासन भी दिया है। ट्रेनों की लेटलतीफी नई बात नहीं है। पर, एनटीईएस पर गलत फीडिंग से यात्रियों का गुस्सा भड़क रहा है। ताजा मामला पुष्पक एक्सप्रेस का है।
एनटीईएस पर राइट टाइम पहुंचने वाली पुष्पक एक घंटे से अधिक लेट पहुंची तो नाराज यात्रियों ने वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। इसके बाद डीआरएम विजयलक्ष्मी कौशिक को खेद जताना पड़ा। पुष्पक एक्सप्रेस मुंबई जाने वाले यात्रियों की पसंदीदा ट्रेन है। मुंबई से लखनऊ आने वाली ट्रेन संख्या 12534 पुष्पक एक्सप्रेस को रविवार को सुबह 8.40 बजे पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ जंक्शन स्टेशन पर पहुंचना था। नेशनल ट्रेन इंक्वायरी सिस्टम(एनटीईएस) पर ट्रेन की फीडिंग राइट टाइम कर दी गई। पर, जब लोग अपने परिवारीजनों को रिसीव करने के लिए लखनऊ जंक्शन पहुंचे तो ट्रेन प्लेटफॉर्म पर नहीं थी।
मुदित माथुर ने बताया कि रेलवे प्रशासन से जानकारी प्राप्त करने की कोशिश की गई तो टाल दिया गया। इंतजार करते-करते ट्रेन 9.54 बजे ट्रेन प्लेटफॉर्म नम्बर छह पर पहुंची। इससे यात्रियों की नाराजगी बढ़ गई। मुदित ने ट्रेन के पहुंचने व एनटीईएस की गलत फीडिंग का वीडियो बनाकर सूचना सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
इसके बाद पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल डीआरएम विजयलक्ष्मी कौशिक ने असुविधाओं के लिए खेद जताया। उन्होंने कहा कि ट्रेन की टाइमिंग सुधारने के लिए लगातार प्रयास चल रहे हैं। चूंकि, ट्रेन अन्य जोनों व डिवीजनों से ही लेट मिल रही है, इसलिए असुविधाएं हो रही हैं।