सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव की छोटी बहू अपर्णा यादव ने सोमवार को विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल किया। अपर्णा, सपा संस्थापक मुलायम के छोटे बेटे प्रतीक यादव की पत्नी व एक सामाजिक कार्यकर्ता हैं। उन्हें समाजवादी पार्टी की तरफ से कैंट विधानसभा क्षेत्र से टिकट दिया गया है। इसके साथ ही उनका सियासी सफर भी शुरू हो गया है।
अपर्णा मेनचेस्टर यूनिवर्सिटी से इंटरनेशनल रिलेशंस और पॉलिटिक्स में पोस्ट ग्रेजुएट हैं। इसके साथ ही वह एक प्रशिक्षित क्लासिकल सिंगर भी हैं। लोकसभा चुनाव के दौरान उन्होंने सपा का प्रचार गीत भी गया था। अपर्णा सैफई महोत्सव और लखनऊ मोहत्सव में भी कई बार गा चुकी हैं।
वो अपने बयानों सहित कई वजहों से चर्चा में रह चुकी हैं। खबरों की मानें तो अपर्णा यादव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को काफी पसंद करती हैं। मोदी की तारीफ में अपर्णा का ये बयान काफी चर्चा में रहा था, ‘जब मोदी जी ने झाड़ू उठाई तो देश भर में अभियान छिड़ गया। वो सभी के रोल मॉडल बन गए क्योंकि वो जो भी कहते हैं, उसे करते हैं।’
इतना ही नहीं तेज प्रताप की शादी में पहुंचे प्रधानमंत्री के साथ अपनी सेल्फी को अपर्णा कई दिन तक सोशल साइट की प्रोफाइल पिक्चर बनाए रही थीं। वहीं अपर्णा प्रदेश सरकार की खिंचाई करके भी चर्चा में आ चुकी हैं। एक बार उन्होंने कहा था कि ‘यूपी में भौकाल मंत्रालय चलता है।’
आमिर खां के सहष्णुता पर दिए गए बयान के बाद अपर्णा ने कमेंट किया था कि यह साबित हो गया कि आमिर खां केवल एक्टर हैं। उन्होंने कुछ देशभक्ति फिल्मों में काम किया है लेकिन पत्नी को देशभक्ति नहीं सिखा पाए। गलती हमारी है, हमने आपसे बहुत उम्मीद लगा रखीं थीं।