लखनऊ में अलीगंज के सेक्टर बी स्थित हॉस्टल में रहकर नेशनल एलिजीबिलिटी कम इंट्रेंस टेस्ट (नीट) की तैयारी कर रही नैंसी शुक्ला (21) ने बुधवार शाम फांसी लगा ली। सीतापुर के आवास विकास निवासी किसान संजय शुक्ला की बेटी नैंसी करीब 10 महीने से हॉस्टल में रहकर कोचिंग कर रही थी।
अपर पुलिस अधीक्षक ट्रांस गोमती हरेंद्र कुमार ने बताया कि नैंसी यहां महावीर प्रसाद अग्रवाल के घर पर संचालित हॉस्टल में रह रही थी। मंगलवार शाम को उसकी मां ने फोन किया लेकिन फोन उठा। उन्होंने कई बार फोन मिलाया, लेकिन बात नहीं हुई। बेटी के फोन न उठाने से परेशान मां ने महावीर प्रसाद को कॉल की। उन्होंने महावीर से कहा कि बेटी फोन नहीं उठा रही है। उसके कमरे में जाकर बात कराएं।
इस पर महावीर ने कहा कि वह अभी घर के बाहर हैं। कुछ देर में घर पहुंचेंगे और नैंसी से बात करा देंगे। करीब आठ बजे महावीर घर पहुंचे और नैंसी के कमरे की तरफ गए। कमरा भीतर से बंद था। उन्होंने दरवाजा खटखटाया लेकिन भीतर से कोई जवाब नहीं मिला।महावीर ने स्कूट लगाकर रोशनदान से भीतर झांका तो होश उड़ गए। नैंसी का शव दुपट्टे के सहारे फंदे से लटका हुआ था।
उन्होंने परिवारीजनों के साथ ही पुलिस नियंत्रण कक्ष में फोन कर घटना की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव उतारा। अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि कमरे की तलाशी ली गई लेकिन कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। सूचना पाकर आए परिवारीजनों का कहना था कि नैंसी की छह अप्रैल को परीक्षा थी। उसका फिजिक्स का पेपर खराब हो गया था।
इससे वह बहुत परेशान थी। सोमवार को उसने पेपर खराब होने की जानकारी दी तो परिवारीजनों ने घर आने बुला लिया। नैंसी तनाव में थी। माता-पिता ने उसे समझाया। वह पिता से तनावरहित होकर फिर से तैयारी करने का वादा कर लौट आई और बुधवार शाम उसने खुदकुशी कर ली। शव का बृहस्पतिवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा।