लखनऊ में बड़े मंगल पर भक्तों को गुणवत्तापूर्ण प्रसाद मिले, इसके लिए एफएसडीए की ओर से जांच अभियान चलाया जाएगा।
अलीगंज के प्राचीन हनुमान मंदिर सहित शहर के अन्य इलाकों में स्थापित हनुमान मंदिरों के पास प्रसाद की दुकानों व भंडारे में बांटे जाने वाली प्रसाद सामग्री की एफएसडीए टीम मुस्तैद रहेगी।
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की अलग अलग टीमें मंदिरों के बाहर लगी मिठाई, लड्डू आदि की दुकानों पर सैंपलिंग करेंगी। यह जानकारी मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी एसके मिश्रा ने दी। उन्होंने बताया कि किसी भी तरह की खामी नजर आने पर भंडारे से जुड़ी खाद्य सामग्री के नमूने भी लैब जांच को भेजे जाएंगे
गर्मी के मौसम में खाद्य सामग्री जल्दी खराब हो जाती है। ऐसे में लापरवाही होने पर इनका सेवन कर भक्तों की सेहत बिगड़ सकती है।
इसी समस्या से भक्तों को बचाने के लिए जेठ माह के हर बड़े मंगल पर एफएसओ की टीमें राजधानी के सभी प्रमुख हनुमान मंदिरों के आस पास लगने वाली प्रसाद दुकानों व वितरण को लगने वाले भंडारों की जांच करेंगी।