8 नवंबर को 500 व एक हजार रुपये के नोट अवैध घोषित किए जाने के बाद से देश के सबसे बड़े राज्य यूपी में हाहाकार मच गया। हालत ये हो गई कि ये खबर सुनते ही किसी की मौत हो गई तो कोई लाश के अंतिम संस्कार के लिए एटीएम की लाइन मे जा लगा। तस्वीरों में देखें, नोटबंदी के फैसले का यूपी की जनता पर असर- (आखिरी स्लाइड में मैप पर देखें यूपी पर नोटबंदी का असर)
ये मामला अमरोहा जिले का है। अमरोहा के जोया कस्बे के हरासपुरा गांव में एक किसान परिवार की महिला लखबीरी (60) की मौत हो गई। उसके परिवार के पास पुराने नोट थे, पर वे बंद हो चुके हैं। परिवारीजन महिला का शव लेकर एचडीएफसी के एटीएम गए, तीन घंटे लाइन में लगे। जब उन्हें काफी मशक्कत के बाद पैसे मिले तो उन्होंने महिला का अंतिम संस्कार किया।
नोटबंदी के चलते लोगों को हो रही परेशानियों को देखते हुए जहां कई बैंक बुजुर्गों के लिए अलग व्यवस्था कर रहे हैं, वहीं रामनगरी अयोध्या की यह खबर कुछ बैंकों की संवेदनशीलता पर सवाल उठाने वाली हैं। यहां खाते से रकम निकालने के लिए परिवारीजन अंतिम सांसे गिन रही महिला को खाट पर लेकर बैंक ऑफ बड़ौदा गए।
कुशीनगर में नोटबंदी की खबर सुनकर एक महिला की सदमे से मौत हो गई। जिले में एक बुजुर्ग महिला जैसे तैसे जोड़े गए अपने पैसों को बदलने के लिए बैंक गई थी। जहां किसी ने उनसे कह दिया कि ये नोट अब नहीं चलेंगे। यह सुनते ही वृद्धा ऐसे सदमें में आई की वहीं दम तोड़ दिया। हमेशा की तरह प्रशासन के कानों तक खबर पहुंची तो जांच की बात कहकर मामला खत्म कर दिया गया।
एक तरफ आम आदमी नकदी बदलने के लिए परेशान रहा तो दूसरी तरफ मंदिरों के दानपात्र में जमा धन भी वहां के स्टॉफ के लिए मुश्किल बन गया। वृंदावन के ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में एक गुल्लक खोली गईं। इसमें 17,45,170 रुपये की धनराशि निकली है। द्वारिकाधीश मंदिर की गुल्लक से 59,000 रुपये निकले हैं।