गुजरात में दलितों पर हो रहे अत्याचार के बहाने कांग्रेस भी उप्र में दलितों को साधने में जुट गई है। इसी कवायद में बृहस्पतिवार को कांग्रेस नेताओं ने राजधानी में मौन धरना दिया। धरना के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राज बब्बर ने भाजपा पर जमकर निशाना साधा। कहा कि भाजपा स्वच्छता अभियान के बहाने देश से दलितों का सफाया करना चाहती है।
उन्होंने भाजपा नेता दयाशंकर सिंह द्वारा मायावती को अपशब्द कहने की निंदा की और कहा, दयाशंकर को बढ़ावा देने वाले नेताओं पर भी साजिश का मुकदमा चलना चाहिए। जीपीओ पार्क स्थित गांधी प्रतिमा पर आयोजित मौन धरना में हिस्सा लेने के लिए नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर भी दिल्ली से लखनऊ आए।
धरना 11 बजे से शुरू होना था लेकिन बसपा के प्रदर्शन के कारण कांग्रेसी नेताओं के वाहन यहां तक नहीं पहुंच सके। इस कारण दोपहर 12 बजे से धरना शुरू हो पाया। करीब सवा 12 बजे पहुंचे राज बब्बर भी वरिष्ठ कांग्रेसी नेताओं के साथ दोपहर एक बजे तक यहां बैठे।
कांग्रेस ने इस धरना के बहाने दलितों पर हो रहे अत्याचर को मुद्दा बनाकर उन्हें साधने की कोशिश की है। मौन धरना के बाद राज बब्बर ने कहा, दलितों की लड़ाई को हम गांधीवादी तरीके से लड़ेंगे। यही वजह है कि आज हम बापू के चरणों में बैठकर भाजपा की सद्बुद्धि के लिए दुआ मांग रहे हैं। ये लोग देश व समाज को बांटने व जलाने का काम कर रहे हैं।
दयाशंकर सिंह का नाम लिए बिना कहा कि जिस प्रकार भाजपा के एक नेता ने मायावती के खिलाफ निंदनीय भाषा का इस्तेमाल करते हुए उन पर प्रहार किया है उसके खिलाफ प्रदेश सरकार को कड़ी से कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए। इस मामले में दोषियों को हरिजन एक्ट के तहत सजा देनी चाहिए।