कभी मुलायम परिवार के बेहद नजदीकी रहे अमर सिंह इन दिनों सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव व संरक्षक मुलायम सिंह यादव के खिलाफ जमकर बयानबाजी कर रहे हैं। उन्होंने सपा को व्यक्तिवादी व परिवारवादी पार्टी करार दिया। अमर उजाला से बातचीत में सपा के ताजा घटनाक्रम पर उन्होंने अपने अंदाज में जवाब दिया। शिवपाल सिंह यादव के समाजवादी सेकुलर मोर्चा के गठन की घोषणा पर अमर सिंह बोले, पिक्चर अभी बाकी है...
आपको बता दें कि रक्षाबंधन पर शिवपाल ने बयान दिया था कि वो पिछले डेढ़ साल से इंतजार कर रहे हैं लेकिन अभी तक सपा में उन्हें पूछा नहीं गया। इसके बाद बुधवार को उन्होंने मुलायम सिंह से कई मुलाकात के बाद समाजवादी सेकुलर मोर्चा के गठन का ऐलान कर दिया। शिवपाल ने कहा कि ऐसा कर वो मुलायम को सम्मान दिलाएंगे। सपा में अब नेताजी का सम्मान नहीं रहा। उन्होंने ये भी कहा कि सेकुलर मोर्चा से वो सपा में उपेक्षित लोगों को जोड़ेंगे।
शिवपाल ने भाजपा में जाने की संभावना से भी इंकार किया और कहा कि इस संबंध में अमर सिंह ने भाजपा नेतृत्व से बात की थी। शिवपाल के नए मोर्चा के गठन को अखिलेश यादव के लिए एक संदेश माना जा रहा है। क्योंकि, शिवपाल ने बयान दिया था कि वो चाहते हैं कि परिवार एक रहे।
वहीं, खुद भाजपा के नजदीक जाने पर अमर सिंह ने कहा कि भाजपा की सोच राष्ट्रवादी है और दत्तात्रेय होसबोले व संजय जोशी जैसे विचारकों से भी उनका दशक पुराना संबंध है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से वह व्यक्तिगत रूप से बंधे हैं। इस वजह से उन्होंने मोदी के जीएसटी और नोटबंदी के फैसले का समर्थन किया था।
अमर सिंह ने कहा, व्यक्तिवादी व परिवारवादी विचारधारा की राजनीति करने वाली सपा में अखिलेश ने जहां पिता को वनवास दे दिया तो रामगोपाल यादव को भी ठंडे बस्ते में डाल दिया है। उनकी नाक के बाल कहे जाने वाले नरेश अग्रवाल भी जा चुके हैं। डिम्पल यादव ने राज्यसभा में नरेश वाली जिम्मेदारी अब जया बच्चन को सौंप दी है। मुझे व शिवपाल को पहले ही अलग कर दिया गया। आने वाले समय में सपा शून्य में जाने के कगार पर पहुंच चुकी है।