उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में सोमवार को एक टू-सीटर चार्टर्ड एयरक्राफ्ट टीबी20 क्रैश हो गया। हादसे में पायलट की मौके पर ही मौत हो गई।
इस एयरक्राफ्ट ने रायबरेली स्थित इंदिरा गांधी राष्ट्रीय उड़ान अकादमी से उड़ान भरी थी। क्रैश होने से चार्टर्ड एयरक्राफ्ट छोटे-छोटे टुकड़ों में बंट गया है। जिन्हें इकट्ठा कर पुलिस टीम जानकारी जुटाने में लगी हुई है।
हादसा आजमगढ़ जिले के सरायमीर थाना क्षेत्र के कुसहां गांव के एयरस्पेस में हुआ। सोमवार सुबह करीब 11 बजे चार्टर्ड एयरक्राफ्ट क्रैश होकर जमीन पर गिर गया। एयरक्राफ्ट की तेज आवाज सुनकर गांव के लोग मौके पर पहुंच गए। सरायमीर थाने के साथ ही अन्य थानों की पुलिस फोर्स भी मौके पर पहुंच गई।
इंदिरा गांधी राष्ट्रीय उड़ान अकादमी से उड़ान भरने के बाद एयरक्राफ्ट वाराणसी के एयर स्पेस में भ्रमण करके आजमगढ़ से होते हुए वापस लौट रहा था।
एयरपोर्ट अथॉरिटी ने एयरक्राफ्ट के क्रैश होने का कारण मौसम खराब और बिजली गिरना बताया है। हादसे में मौके पर ही ट्रेनी पायलट कोनार्क सरण(30) की मौत हो गई।
कीचड़ के बीच खेत में चार्टर्ड एयरक्राफ्ट गिरने से पुलिस को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।