नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ राजनीतिक व सामाजिक संगठनों के पूर्व घोषित विरोध प्रदर्शन से निपटने में पुलिस प्रशासन की तैयारियां फेल साबित हो गईं। 24 घंटे पहले से ही पुलिस व प्रशासन के अफसरों ने विरोध प्रदर्शन से निपटने के लिए पुराने लखनऊ के संवेदनशील इलाकों से लेकर हर थाना क्षेत्र में फ्लैग मार्च कर जनसमुदाय में पुख्ता सुरक्षा का भरोसा दिलाया था।
ईंट-पत्थर, पेट्रोल बम से लैस उपद्रवियों के आगे धरी रह गई प्रशासन की तैयारी
प्रदर्शन के आंड़ में तीन घंटे तक हुआ बवाल
इसके बावजूद प्रदर्शन की आड़ में तीन घंटे तक बवाल हुआ। प्रदर्शन के नाम पर हिंसा फैलाने में बढ़-चढ़कर भागीदारी कर रहे अराजक तत्व पहले से ही ईंट-पत्थर के साथ पेट्रोल बम से लैस हो कर पहुंचे थे। उनके आगे प्रशासन की तैयारियां फेल साबित हुईं। सीतापुर रोड स्थित मदेयगंज चौकी के पास से शुरू हुई हिंसा हुसैनाबाद सतखंडा पुलिस चौकी, खदरा, ठाकुरगंज होकर परिवर्तन चौक से डीएम आवास तक फैल गई।
प्रदर्शनकारियों की थी पुख्ता तैयारी
प्रदर्शन के नाम पर हिंसा फैलाने को एकजुट हुई इस भीड़ की तैयारी पहले से ही इस हद तक पुख्ता थी कि इनसे निपटने में पुलिस को पीछे हटना पड़ा। पूरी तैयारी के साथ आए प्रदर्शनकारियों ने अपना गुस्सा बेगम हजरत महल पार्क के समीप खड़ी इलेक्ट्रानिक चैनल की तीन ओबी वैन व एक रोडवेज बस में आग लगाकर निकाला।
जिला प्रशासन से जुड़े वरिष्ठ अधिकारी भी स्वीकारते हैं कि धरना प्रदर्शन के दौरान एक साथ अलग-अलग जगहों पर हिंसात्मक हो जाना, पहले से सोची समझी रणनीति का हिस्सा लगता है ताकि इनसे निपटने को आला अधिकारी व पुलिस फोर्स किसी एक जगह पर एकजुट न होकर तितर-बितर बनी रहे।
वीडियो फुटेज के आधार पर गहनता से होगी जांच
जिलाधिकारी अभिषेक प्रकाश भी मानते हैं कि प्रदर्शन को आड़ में सुनियोजित तरीके से पुलिस पर पथराव, वाहनों में आगजनी व सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के कार्य को अंजाम तक पहुंचाया गया। कहा, वीडियो फुटेज के आधार पर इसकी पूरी गहनता से सघन जांच कराते हुए इसमें शामिल तत्वों के साथ उन्हें उकसाने वालों का पता लगाकर सख्त कानूनी कार्रवाई के घेरे में लाया जाएगा।
जामिया और जेएनयू के छात्र भी थे विरोध प्रदर्शन में शामिल
विरोध प्रदर्शन में जामिया मिल्लिया और जेएनयू के छात्र भी शामिल थे। खुफिया पुलिस द्वारा समय रहते सटीक जानकारी न जुटा पाने की नाकामी बृहस्पतिवार को शहर के अमन-चैन को बिगाड़ने का मुख्य कारण बनी।