एक तेंदुआ सोमवार सुबह तराई के खेत मे पहुंच गया। जब लोगों की भीड़ बढ़ी तो वह पेड़ पर चढ़ गया। सुबह से पेड़ पर बैठे तेंदुआ को दस घण्टे बाद भी नहीं उतारा जा सका है।
मोहम्मदपुर खाला ग्राम अकंबा मजरे बसारी के रामबिलास के मिर्ची के खेत में सोमवार सुबह करीब साढ़े छह बजे ग्रामीणों ने देखा कि एक तेंदुआ लेटा हुआ है जिसे भगाने के लिए ग्रामीणों ने शोर मचाना शुरू कर दिया तो तेंदुआ भागकर सोनू के खेत में लगे यूकेलिप्टस के पेड़ पर चढ़ गया। तेंदुआ होने की बात फैलते ही ग्रामीण दहशत में होने के बावजूद मौके पर एकत्र हो गए।
सूचना के काफी देर बाद पहुंची वन विभाग की टीम वहां मूक दर्शक बनी खड़ी रही। जब एसडीओ डा. एनके सिंह वहां टीम के साथ पहुंचे तो रेस्क्यू शुरू हुआ। जाल एकत्र कर उस पेड़ के आसपास बिछाया गया जहां तेंदुआ चढ़ा हुआ था।
यही नहीं मौके पर पिंजरा भी मंगा लिया गया। जहां पर तेंदुआ था वह आबादी से करीब पांच सौ मीटर बाहर है जबकि पास में ही सुमली नदी है। डीएफओ रुस्तम परवेज ने बताया कि जानवर नदी का किनारा पकड़कर चलते हैं।
आशंका जताते हुए कहा कि यह तेंदुआ पहले घाघरा और फिर सुमली नदी पारकर यहां तक पहुंचा है। करीब दस घंटे से पेड़ पर चढ़े तेंदुए को देखने के लिए वहां सैकड़ों ग्रामीण एकत्र हो गए। पेड़ के सबसे ऊपर बैठा तेंदुआ एक डाल टूटने से दूसरी डाल पर आकर रुका।
इसके बाद वह कूदकर एक अन्य डाल पर चला गया। वह कुछ देर खड़ा रहता तो कभी बैठ जाता है।