Yoga Tips: दिनभर की भागदौड़ और बिगड़ी लाइफस्टाइल के कारण लोगों को अनिद्रा की शिकायत हो जाती है। लोग अब रात में समय पर सो नहीं पाते और सुबह जल्दी उठने में भी दिक्कत आती है। देर रात तक आंखों में नींद न होने के कारण कई तरह की समस्याएं होने लगती हैं। नींद पूरी न होने के कारण सुबह उनमें ऊर्जा नहीं बचती। पूरा दिन थकान महसूस होती है। नींद न आने की समस्या अब युवाओं से लेकर बड़ी उम्र के लोगों के बीच सामान्य हो गई है। शरीर के लिए नींद बहुत जरूरी है। ऐसे में अगर आप अच्छी नींद नहीं लेते तो शरीर और मस्तिष्क पर नकारात्मक प्रभाव पड़ता है। नींद न आने पर अक्सर लोग दवाएं खाते हैं, हालांकि नींद की दवा का स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ता है। योग मन और शरीर दोनों को सेहतमंद बनाता है। अनिद्रा की शिकायत होने पर आप रात में सोने से पहले बिस्तर पर बैठे बैठे योगासनों का अभ्यास कर सकते हैं। कुछ ऐसे योग हैं, जो रात में सोने से पहले बिस्तर पर किए जा सकते हैं।
Yoga Tips: बिस्तर पर कर सकते हैं इन योगासनों का अभ्यास, आएगी चैन की नींद
बालासन
बिस्तर पर बैठकर सोने से पहले बालासन का अभ्यास कर सकते हैं। बालासन का अभ्यास दिमाग शांत करता है। मैट पर वज्रासन की अवस्था में बैठकर सांस को अंदर लेते हुए दोनों हाथों को सीधा सिर के ऊपर ले जाएं। फिर सांस को बाहर छोड़ते हुए आगे की ओर झुकें और हथेलियों व सिर को जमीन पर टिका लें। सांस लेते और छोड़ते समय उंगलियों को आपस में जोड़ें और सिर को दोनों हथेलियों के बीच में धीरे से रखें।
शवासन
अनिद्रा की शिकायत होने पर नियमित शवासन का अभ्यास कर सकते हैं। इस आसन से तंत्रिका तंत्र शांत हो होती है और थकी हुई मांसपेशियों व कंधों को आराम मिलता है। शवासन करने के लिए पीठ के बल लेटकर दोनों पैरों के बीच एक फीट की दूरी पर फैला लें और शरीर को ढीला छोड़ते हुए आराम से सांस लें।
उत्तानासन
सोने से पहले रात में उत्तानासन का अभ्यास नियमित करने से अच्छी नींद आती है। इस आसन को करने के लिए सीधे खड़े हो जाएं और लंबी सांस लेते हुए दोनों हाथों को ऊपर की ओर ले जाएं। अब सांस छोड़ते हुए दोनों हाथों को नीचे की ओर ले जाएं और पैरों के अंगूठे को छूने की कोशिश करें।
नोट: यह लेख योगगुरु के सुझावों के आधार पर तैयार किया गया है। आसन की सही स्थिति के बारे में जानने के लिए किसी विशेषज्ञ से संपर्क कर सकते हैं।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।