रक्तचाप, आज के समय की सबसे आम लेकिन गंभीर समस्याओं में से एक है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक ब्लड प्रेशर की समस्या न सिर्फ आपके हृदय बल्कि शरीर के कई अन्य अंगों की क्षति का कारण बन सकती है। विशेषकर हाई ब्लड प्रेशर यानी कि हाइपरटेंशन को सेहत के लिए सबसे नुकसानदायक माना जाता है। अध्ययनों से पता चलता है कि लगातार ब्लड प्रेशर के बढ़े रहने की समस्या के कारण हार्ट फेलियर और स्ट्रोक जैसी समस्याओं का खतरा कई गुना तक बढ़ जाता है। यही कारण है कि स्वास्थ्य विशेषज्ञ ब्लड प्रेशर को नियंत्रित रखने की सलाह देते हैं।
आज का योग: इन योगासनों से रक्तचाप को आसानी से रख सकते हैं नियंत्रित, हृदय रोगों का खतरा हो जाएगा कम
रोजाना करें 30 सेकेंड वाला यह अभ्यास
ब्लड प्रेशर की समस्या से छुटकारा पाने के लिए रोजाना 30 सेकेंड के सांस लेने वाला अभ्यास आपके लिए फायदेमंद हो सकते है। अध्ययनों से पता चलता है कि रोजाना केवल 30 सेकेंड तक गहरी सांस लेने वाले अभ्यास से रक्तचाप को नियंत्रित किया जा सकता है। इन अभ्यास को करने के लिए सबसे पहले किसी शांत जगह पर आराम से बैठ जाएं। अपनी रीढ़ को सीधा रखें, आंखें बंद करें और शरीर को आराम की मुद्रा में रखें। 30 सेकंड के लिए टाइमर सेट करें और इस दौरान गहरी सांसें लेते रहें।
प्राणायाम के लाभ
प्राणायाम को संपूर्ण स्वास्थ्य के लिए बहुत ही लाभदायक माना जाता है। सांसों पर नियंत्रण प्रदान करने वाले इन अभ्यासों से तनाव, ब्लड प्रेशर, डायबिटीज जैसी गंभीर समस्याओं को नियंत्रित किया जा सकता है। धड़कन और रक्तचाप की अनियमितता को ठीक करने में कई प्रकार के प्राणायाम करना फायदेमंद हो सकता है। रोजाना सुबह उठकर 10-20 मिनट के प्राणायाम के विभिन्न अभ्यास करने से आपको रक्तचाप को कंट्रोल करने में सफलता मिल सकती है।
डायाफ्रामिक ब्रदिंग
रक्तचाप को नियंत्रित करने के साथ फेफड़ों को स्वस्थ बनाए रखने के लिए डायाफ्रामिक ब्रदिंग सबसे कारगर माना जाता है। इससे पूरे डायफ्राम का व्यायाम हो जाता है जो शरीर में ऑक्सीजन के संचार को बढ़ाने के साथ रक्तचाप को नियंत्रित करने में मददगार हो सकता है। इस अभ्यास को करने के लिए सबसे पहले अपने घुटनों और सिर के नीचे एक तकिया लगाकर आराम से लेट जाएं। अब सांस लें और ध्यान दें कि सांस लेते समय आपका पेट कैसे ऊपर उठता है। अब धीरे-धीरे अपने मुंह से सांस छोड़ें। इस व्यायाम को 10 बार दोहराएं।
--------------------------
नोट: यह लेख योगगुरु के सुझावों के आधार पर तैयार किया गया है। आसन की सही स्थिति के बारे में जानने के लिए किसी विशेषज्ञ से संपर्क कर सकते हैं।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।