महिलाओं और पुरुषों की शारीरिक बनावट और क्षमता भिन्न होती है, यही कारण है कि दोनों को अपने स्वास्थ्य की देखभाल के लिए अलग-अलग तरह से ध्यान रखने की आवश्यकता होती है। महिलाओं पर पर्सनल और प्रोफेशनल लाइफ के बीच सही संतुलन बनाए रखने का काफी दबाव होता है। घर का काम, बच्चों और बुजुर्गों की देखभाल करना और फिर ऑफिस के काम, इन सब चीजों को करने के बाद वे मुश्किल से अपने लिए समय निकाल पाती हैं। यही कारण है कि शरीर को स्वस्थ बनाए रखने के लिए महिलाओं को नियमित रूप में दिनचर्या में योग को शामिल करने की सलाह दी जाती है।
आज का योग: महिलाओं को रोजाना इन तीन योग का करना चाहिए अभ्यास, शारीरिक-मानसिक स्वास्थ्य में मिलेगा लाभ
ब्रिज पोज का अभ्यास
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक हर महिला को रोजाना ब्रिज पोज या सेतुबंधासन योग का अभ्यास जरूर करना चाहिए। यह योग पीठ, ग्लूट्स, पैरों और टखनों को मजबूत करता है। इसके अलावा शरीर और मन को शांत रखने, तनाव और अवसाद को कम करने में भी इस योगासान को लाभदायक माना जाता है। दिन भर काम के कारण कमर में होने वाले दर्द को कम करने में भी इस योग का अभ्यास फायदेमंद हो सकता है।
प्राणायाम
शारीरिक और मानसिक दोनों स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने के लिए प्राणायाम का अभ्यास करना सभी के लिए फायदेमंद हो सकता है। प्राणायाम मस्तिष्क में रक्त के संचार को बढ़ावे देने के साथ अवसाद, तनाव और चिंता जैसी तमाम समस्याओं को कम करने में लाभदायक माने जाते हैं। यह स्थितियां कई प्रकार की शारीरिक स्वास्थ्य की समस्याओं का कारण बन सकती हैं।
चाइल्ड पोज या बालासन का अभ्यास
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक सभी महिलाओं को रोजाना 5-10 मिनट तक बालासन योग का अभ्यास जरूर करना चाहिए। यह योग आपकी रीढ़, जांघों, कूल्हों और टखनों को फैलाने में सहायक है। इसके अलावा मन को शांत करने, चिंता और थकान को कम करने में भी इस योग के अभ्यास को काफी फायदेमंद माना जाता है। सिर में रक्त परिसंचरण को बढ़ाने में भी यह लाभदायक योग है।
------------------
नोट: यह लेख योग विशेषज्ञों के सुझावों के आधार पर तैयार किया गया है। आसन की सही स्थिति के बारे में जानने के लिए किसी योगगुरु से संपर्क कर सकते हैं।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।