स्वस्थ जीवन के लिए बालपन को आधार माना जाता है। इस समय पोषण, सेहत पर विशेष ध्यान, खान-पान और व्यायाम को लेकर माता-पिता को विशेष अलर्ट रहने की सलाह दी जाती है। अध्ययन बताते हैं कि जिन लोगों को बचपन में पर्याप्त पोषण नहीं मिल पाता है, उनमें आगे चलकर निरंतर कोई न कोई समस्या बनी रहती है। बचपन और युवावस्था के दौरान शरीर में तेजी से विकास हो रहा होता है, ऐसे में उचित पोषण का ध्यान रखना बहुत आवश्यक हो जाता है। उचित पोषण के लिए स्वास्थ्य विशेषज्ञ आहार के साथ-साथ नियमित व्यायाम और योग की भी जरूरतों पर जोर देते हैं।
आज का योग: बच्चों के स्वस्थ विकास में मदद करेंगे ये योगासन, जरूर बनाइए इनके अभ्यास की आदत
ताड़ासन योग बच्चों के लिए फायदेमंद
योग-व्यायाम, शरीर की सभी मांसपेशियों, सिर से लेकर पैर तक की स्ट्रेचिंग में आपके लिए सहायक हो सकते हैं। इसी क्रम में बच्चों को ताड़ासन योग के अभ्यास की आदत डलाएं। शरीर के सभी अंगों के स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के साथ शारीरिक मुद्रा को सुधारने में ताड़ासन योग का नियमित अभ्यास बच्चों के विकास में मदद करेगा।
ताड़ासन योग ग्रोथ हार्मोन के उत्पादन को भी बढ़ावा देते हैं, जिससे बढ़ते बच्चों को विशेष लाभ मिल सकता है। बच्चों की ऊंचाई को बढ़ावा देने में भी इस योग के अभ्यास को लाभदायक माना जाता है।
सूर्य नमस्कार योग का अभ्यास
बच्चों से लेकर युवाओं और बुजुर्गों तक के लिए रोजाना सूर्य नमस्कार योग का अभ्यास कई तरह से लाभदायक हो सकता है। सूर्य नमस्कार 12 योग मुद्राओं का संयोजन है जिसमें शरीर के सभी अंगों को लक्षित कर उनके विकास को बढ़ावा देने में मदद मिल सकती है। शारीरिक-मानसिक स्वास्थ्य, दोनों के लिए सूर्य नमस्कार योग के अभ्यास को लाभदायक माना जाता है। बच्चों के शारीरिक विकास, बौद्धिक क्षमता बढ़ाने और रोगों से सुरक्षित रखने में सूर्य नमस्कार का अभ्यास करना आपके लिए फायदेमंद हो सकता है।
प्राणायाम का अभ्यास
बच्चों में याददाश्त की समस्या सबसे आम है। इसके अलावा मन को शांत और एकाग्र रखने, मानसिक स्वास्थ्य को बढ़ावा देने और कई तरह की शारीरिक समस्याओं से बचाव के लिए भी प्राणायाम आसनों का अभ्यास काफी मददगार हो सकता है। प्राणायाम को सामान्यतौर पर मानसिक स्वास्थ्य के लिए बेहतर माना जाता है, पर अध्ययनों से पता चलता है कि हृदय-फेफड़े और शरीर के अन्य अंगों की सेहत को सुधारने और विकास को बढ़ावा देने में भी प्राणायाम के अभ्यास की आदत बच्चों के लिए विशेष लाभकारी हो सकती है।
-------------------------
नोट: यह लेख योगगुरु के सुझावों के आधार पर तैयार किया गया है। आसन की सही स्थिति के बारे में जानने के लिए किसी विशेषज्ञ से संपर्क कर सकते हैं।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।