पिछले कुछ वर्षों के आंकड़े उठाकर देखें तो पता चलता है कि तंत्रिकाओं से संबंधित जिन विकारों के मामले सबसे ज्यादा बढ़े हैं, अल्जाइमर रोग उनमें से एक हैं। मस्तिष्क के सिकुड़ने (एट्रोफी) के कारण यह समस्या होती है, उम्र बढ़ने के साथ इस रोग के जोखिम भी बढ़ जाते हैं। अल्जाइमर रोग को डेमेंशिया के सबसे आम कारणों में से एक माना जाता है। डेमेंशिया में सोच, व्यवहार और सामाजिक कौशल की क्षमता काफी कम हो जाती है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं कि जीवनशैली को स्वस्थ रखने के उपाय करके तंत्रिकाओं से संबंधित इन विकारों के जोखिम को कम किया जा सकता है।
Yoga Tips: अल्जाइमर-डेमेंशिया के जोखिम से बचने के लिए करें ये तीन योगासन, इनके और भी कई लाभ
उज्जायी प्राणायाम से मिलता है लाभ
मन को शांत करने और तंत्रिकाओं को आराम देने में जिन योगासनों के अभ्यास को सबसे कारगर माना जाता है, प्राणायाम उनमें से एक हैं। कुछ प्रकार के प्राणायाम को दिनचर्या में शामिल करके अल्जाइमर-डेमेंशिया के जोखिम को काफी कम किया जा सकता है। प्राणायाम में सांस पर ध्यान केंद्रित करना होता है जिससे एकाग्रता बढ़ती है और तंत्रिकाओं को आराम मिलता है। इसके लिए उज्जायी प्राणायाम और कपालभाति के अभ्यास की आदत बनाई जा सकती है।
वज्रासन योग को करें दिनचर्या में शामिल
वज्रासन योग के अभ्यास की आदत न केवल मन को शांत और स्थिर रखने में मदद करता है बल्कि पाचन अम्लता और गैस जैसी समस्याओं को दूर करने में भी इसके लाभ देखे गए हैं। वज्रासन योग आसान है और इसे सभी उम्र के लोग आसानी से करके लाभ पा सकते हैं। अल्जाइमर के खतरे से बचाने के लिए इस योग का अभ्यास मददगार हो सकता है। जांघ की मांसपेशियों को मजबूत बनाने और पीठ दर्द से राहत दिलाने में भी इस योग के विशेष लाभ हैं।
पश्चिमोत्तानासन योग का करें अभ्यास
पश्चिमोत्तानासन योग को पेट कम करने और मधुमेह से पीड़ित लोगों के लिए बहुत प्रभावी माना जाता रहा है, इसके तंत्रिकाओं से संबंधित विकारों में भी विशेष लाभ पाया जा सकता है। यह योग मन को शांत करता और सिर में रक्त के प्रवाह को बढ़ाने में भी मदद करता है, जिससे दिमाग को आराम मिलता है और अनिद्रा, अवसाद और चिंता कम होती है। ये स्थितियां अल्जाइमर-डेमेंशिया के खतरे को बढ़ाने वाली मानी जाती रही हैं।
------------------------
नोट: यह लेख योगगुरु के सुझावों के आधार पर तैयार किया गया है। आसन की सही स्थिति के बारे में जानने के लिए किसी विशेषज्ञ से संपर्क कर सकते हैं।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।