World No Tobacco Day 2023 : सेहत के लिए धूम्रपान नुकसानदायक है। हृदय और फेफड़ों संबंधित कई गंभीर बीमारियों का खतरा धूम्रपान के कारण बढ़ सकता है। तंबाकू और सिगरेट की आदत से छुटकारा पाना आसान नहीं होता। स्वास्थ्य विशेषज्ञ अधिकतर किसी भी रोग का उपचार करने से पहले धूम्रपान के सेवन के बारे में रोगी से पूछते हैं और धूम्रपान न करने की सलाह देते हैं।
World No Tobacco Day: नहीं छोड़ पा रहे हैं धूम्रपान की लत? इन योगासनों के अभ्यास से मिल सकता है छुटकारा
कपालभाति प्राणायाम
धूम्रपान की लत छोड़ने के लिए कपालभाति प्राणायाम का अभ्यास असरदार हो सकता है। कपालभाति का अभ्यास मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है।कपालभाति प्राणायाम रक्त परिसंचरण में सुधार और केंद्रीय तंत्रिका तंत्र (सीएनएस) व्यवस्थित करने का काम करता है। मस्तिष्क की शक्ति को बढ़ावा देने में सहायक होता है, जिससे धूम्रपान की इच्छा कम होने लगती है।
बालासन योग
बालासन का अभ्यास धूम्रपान की आदत को छोड़ने के लिए फायदेमंद है। इस आसन के अभ्यास से तंत्रिका तंत्र और तनाव को शांत रखने में मदद मिलती है। पेट व कमर की परेशानी में भी बालासन योग का अभ्यास फायदेमंद है। मांसपेशियों को आराम देने और शरीर को ऊर्जावान बनाने के लिए बालासन किया जा सकता है।
भुजंगासन
अधिक सिगरेट या गुटखे का सेवन करने से कई बीमारियों का खतरा रहता है। इस खतरे को कम करने और धूम्रपान की लत छुड़ाने के लिए मन को कंट्रोल करना चाहिए। भुजंगासन का अभ्यास मन को शांत रखने में मदद करता है। धूम्रपान से निकोटीन की आदत छूट सकती है। साथ ही पीठ व कमर की समस्या से राहत दिलाने के लिए भी भुजंगासन का अभ्यास किया जा सकता है।
नोट: यह लेख योग गुरु के सुझावों के आधार पर तैयार किया गया है। आसन की सही स्थिति के बारे में जानने के लिए किसी विशेषज्ञ से संपर्क कर सकते हैं।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।