Yoga Tips: महिलाएं हों या पुरुष, सभी के लिए बाल उनके शरीर का वह अहम भाग है जो लुक को अधिक आकर्षक और प्रभावशाली बनाता है। हालांकि मौसम, प्रदूषण, पौष्टिक आहार की कमी और गलत जीवनशैली का असर लोगों के बालों पर होता है। कई लोगों के बाल तेजी से झड़ने लगते हैं। बाल झड़ने के साथ ही उनकी ग्रोथ भी रूक जाती है। इसके अलावा उम्र से पहले बाल सफेद होने की भी समस्या हो सकती है। मानसून के मौसम में तो बाल झड़ने की शिकायत लगभग हर किसी को रहती है। बालों को लंबा, घना और काला बनाए रखने के लिए कई तरह के हेयर केयर प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल किया जाता है। हालांकि इन प्रोडक्ट्स का कई बार साइड इफेक्ट हो सकता है और बाल झड़ने की समस्या में इजाफा हो सकता है। ऐसे में अगर बालों को घना और लंबा करना है तो नियमित योगासनों का अभ्यास फायदेमंद हो सकता है। चलिए जानते हैं बालों की सेहत के लिए लाभकारी योगासनों के बारे में।
Yoga Tips: बालों को घना और लंबा करने के लिए रोजाना करें ये योगासन, उम्र से पहले नहीं होंगे सफेद
शीर्षासन
इस आसन से सिर की ओर रक्त प्रवाह बेहतर तरीके से होता है। शीर्षासन के अभ्यास से तनाव दूर हो सकता है, साथ ही बालों की ग्रोथ अच्छी होती है। अगर आपके बाल झड़ रहे हों और बेजान हो रहे हैं या फिर समय से पहले बाल सफेद हो रहे हों तो शीर्षासन का अभ्यास करें। इस आसन को करने के लिए दोनों हाथों को सिर के पीछे ले जाएं और नीचे झुकते हुए सिर को नीचे की ओर रखें। अब शरीर का संतुलन बनाते हुए अपने पैरों को ऊपर ले जाएं। सिर के बल खड़े रहते हुए संतुलन बनाते हुए सीधे हो जाएं।
बालासन
पेट संबंधी समस्याओं और तनाव से राहत पाने के लिए बालासन का अभ्यास कर सकते हैं। पेट की समस्या और तनाव के कारण ही बाल झड़ने लगते हैं। इसलिए बालों की ग्रोथ और घने करने के लिए बालासन फायदेमंद हो सकता है। इस आसन को करने के लिए घुटनों को मोड़कर वज्रासन की मुद्रा में बैठ जाएं। अब हाथों को ऊपर की ओर ले जाते हुए गहरी सांस लें। फिर सांस छोड़ते हुए शरीर को आगे की ओर झुकाएं। इस अवस्था में सिर जमीन पर लगा रखें और पेट जांघों पर रखें।
त्रिकोणासन
अगर समय से पहले बाल सफेद हो रहे हैं और बालों में रूखापन है तो त्रिकोणासन का अभ्यास करें। इस आसन को करने के लिए दोनों पैरों को कुछ दूरी पर रखकर खड़े हो जाएं। अब हाथों और कंधों को सीध में रखते हुए ऊपर उठाएं। दाहिनी ओर झुकते हुए दाहिने हाथ से पैर को छुएं। इस दौरान बाएं हाथ को आसमान की ओर उठाएं। यह प्रक्रिया दूसरी ओर से दोहराएं।
भुजंगासन
बालों को घना, काला और लंबा बनाने के लिए भुजंगासन का अभ्यास नियमित करें। इस आसन को करने के लिए पेट के बल लेटकर पैरों को आपस में मिला लें। अब हथेलियों को सीने के पास कंधों की सीध पर रखते हुए माथे को जमीन पर रखें। गहरी सांस लेते हुए शरीर के आगे के हिस्से को ऊपर उठा लें। हाथों को सीधा करते हुए इसी मुद्रा में कुछ सेकंड रहें। फिर सांस छोड़ते हुए सामान्य मुद्रा में वापस आ जाएं।
--------------
नोट: यह लेख योगगुरु के सुझावों के आधार पर तैयार किया गया है। आसन की सही स्थिति के बारे में जानने के लिए किसी विशेषज्ञ से संपर्क कर सकते हैं।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।