योगशास्त्र में मेडिटेशन को बहुआयामी अभ्यास के तौर पर जाना जाता है, जिसका रोजाना अभ्यास आपकी सेहत को बेहतर बनाए रखने में विशेष लाभदायक हो सकता है। आमतौर पर मेडिटेशन को सिर्फ मानसिक स्वास्थ्य लाभ से जोड़कर देखा जाता रहा है, पर विशेषज्ञों के मुताबिक इसका अभ्यास शरीर के लिए कई अन्य प्रकार से भी कारगर साबित हो सकता है। मन को शांत रखने के साथ चिंता, तनाव और अवसाद के लक्षणों को कम करने में ध्यान योग को बेहद कारगर उपाय माना जाता है। वहीं यह नींद विकार, ब्लड प्रेशर और कई तरह की अन्य शारीरिक समस्याओं में भी लाभदायक हो सकता है।
आज का योग टिप्स: मेडिटेशन से मानसिक स्वास्थ्य के साथ इन बीमारियों का भी कम होता है जोखिम, रोजाना कीजिए अभ्यास
ध्यान योग की मान्यता
पौराणिक काल से ध्यान योग के अभ्यास से होने वाले लाभ का जिक्र मिलता है। ध्यान योग, मूल रूप से जीवन की शक्तियों की समझ को गहरा करने में मदद करते हैं। इन दिनों, ध्यान, आमतौर पर शरीर को आराम देने और तनाव कम करने के लिए किया जा रहा है। इसके शारीरिक स्वास्थ्य में भी कई तरह से लाभ हो सकते हैं। मेडिटेशन तनाव-चिंता जैसी समस्याओं को कम करता है, जो हाई ब्लड प्रेशर और गंभीर स्थितियों में हृदय रोगों का कारण बन सकती हैं।
मेडिटेशन के मानसिक स्वास्थ्य के लिए लाभ
ध्यान योग के अभ्यास के दौरान शरीर की आंतरिक ऊर्जा पर मस्तिष्क को केंद्रित किया जाता है, जिससे मन का भटकना कम होता है और यह मानसिक स्वास्थ्य संबंधी लाभ प्रदान करती है। ध्यान योग के कई प्रकार के भावनात्मक लाभ हो सकते हैं।
- तनावपूर्ण स्थितियों पर काबू पाकर एक नया दृष्टिकोण प्राप्त करने में सहायक।
- आत्म-जागरूकता बढ़ाने में मदद करती है।
- वर्तमान समय पर ध्यान केंद्रित करने में सहायक है।
- नकारात्मक भावनाओं को कम करती है।
- कल्पना और रचनात्मकता में इजाफा होता है।
- धैर्य और सहनशीलता बढ़ती है।
ध्यान योग के शारीरिक लाभ
मेडिटेशन का अभ्यास मन के साथ-साथ शरीर को स्वस्थ बनाए रखने में भी आपके लिए विशेष उपयोगी हो सकता है। अध्ययनों में कई स्वास्थ्य स्थितियों में इस अभ्यास के लाभ देखे गए हैं।
- चिंता-तनाव को कम करने में सहायक।
- दमा-कैंसर के कारकों को नियंत्रित करने में मददगार।
- तीव्र दर्द- डिप्रेशन और सिरदर्द की समस्या को कम करता है।
- दिल की बीमारियों और उच्च रक्तचाप में लाभदायक।
- इरिटेबल बाउल सिंड्रोम की समस्या को कम करती है।
- नींद की समस्या, अनिद्रा से बचाने में फायदेमंद।
-------------------------
नोट: यह लेख योगगुरु के सुझावों के आधार पर तैयार किया गया है। आसन की सही स्थिति के बारे में जानने के लिए किसी विशेषज्ञ से संपर्क कर सकते हैं।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।