International Yoga Day 2025: शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने के लिए एक अच्छी जीवनशैली को अपनाना चाहिए। हालांकि व्यस्त लाइफस्टाइल के कारण आप खुद के शरीर और दिल व दिमाग को समय नहीं दे पाते। धीरे-धीरे शरीर और मस्तिष्क दोनों पर दबाव पड़ने लगता है और आप थकावट महसूस करने लगते हैं। इससे सेहत पर बुरा असर पड़ता है। अब इस स्थिति में आकर आप डाक्टर के चक्कर लगाते हैं। दवाओं पर आश्रित होने लगते हैं और स्वस्थ रहने के लिए कई चीजों से परहेज करने के लिए मजबूर हो जाते हैं। ऐसी स्थिति से बचने के लिए प्राकृतिक तरीके से शरीर और मस्तिष्क दोनों को मजबूत बनाएं। इम्यूनिटी को मजबूत बनाने के साथ ही कई बीमारियों से बचने के लिए योग एक प्राकृतिक उपाय है।
International Yoga Day 2025: 21 जून को योग दिवस क्यों मनाया जाता है? जानिए इतिहास, महत्व और इस साल की थीम
International Yoga Day 2025: इस साल 11वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जा रहा है। आइए जानते हैं कि योग दिवस मनाने की शुरुआत कब और कहां से हुई। इस साल की थीम क्या है और योग के क्या लाभ हैं।
योग दिवस कब मनाया जाता है?
हर साल अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 21 जून को मनाया जाता है। योग दिवस मनाने के लिए 21 जून का दिन इसलिए चुना गया क्योंकि यह वर्ष का सबसे लंबा दिन होता है, जिसे गर्मी का संक्रांति दिवस भी कहा जाता है। यह दिन योग के लिए प्रतीकात्मक रूप से महत्वपूर्ण है, क्योंकि यह आत्म-जागरूकता और आध्यात्मिक ऊर्जा का समय माना जाता है।
योग दिवस क्यों मनाया जाता है?
- शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बढ़ावा देने के लिए योग दिवस मनाने की शुरुआत हुई
- इस दिन के जरिए योग के लाभों के प्रति वैश्विक जागरूकता फैलाई जाती है।
- आंतरिक शांति और संतुलन को प्रोत्साहित करने के लिए योग दिवस मनाने की शुरुआत हुई।
- समाज में एकता और सद्भाव को बढ़ावा देने के लिए वैश्विक स्तर पर योग दिवस मनाने के लिए भारत ने प्रस्ताव रखा था।
योग दिवस 2025 की थीम
प्रत्येक वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस एक खास विषय पर आधारित होता है। इस साल योग दिवस 2025 की थीम है Yoga for One Earth, One Health यानी एक पृथ्वी और एक स्वास्थ्य के लिए योग। यह थीम पृथ्वी पर हर व्यक्ति के स्वास्थ्य के लिए योग को प्रोत्साहित करने पर आधारित है। इस थीम का उद्देश्य व्यक्तिगत और वैश्विक स्वास्थ्य के बीच संबंध को उजागर करना है। साथ ही पर्यावरणीय संतुलन और सतत विकास में योग की भूमिका को रेखांकित करना भी है।
योग दिवस का इतिहास
भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 27 सितंबर 2014 को संयुक्त राष्ट्र महासभा में योग दिवस का प्रस्ताव रखा था। इसी वर्ष 11 दिसंबर 2014 को संयुक्त राष्ट्र ने इस प्रस्ताव को स्वीकार किया और 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाने की घोषणा की। जिसके बाद पहला योग दिवस 21 जून 2015 को मनाया गया, जिसमें दुनिया भर से लाखों लोगों ने भाग लिया।