आधुनिक दुनिया ने हमारी जीवनशैली की इस तरह के बदल दिया है कि लोगों को कम उम्र में ही चिंता और अवसाद जैसी समस्याएं घेर लेती हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक तनाव की स्थिति हमारे मानसिक और शारीरिक, दोनों ही तरह के स्वास्थ्य को प्रभावित कर सकती है। जिन लोगों को अधिक तनाव की समस्या होती है, उनमें कई और गंभीर तरीके की स्वास्थ्य समस्याएं विकसित होने की खतरा हो सकता है। तनाव की स्थिति गंभीर स्थितियों में अवसाद का रूप भी ले लेती है।
सलाह: तनाव-अवसाद की समस्या से छुटकारा दिलाएंगे यह योगासन, रोजाना कीजिए अभ्यास
श्वास के अभ्यास या प्राणायाम
श्वास पर नियंत्रण प्राप्त करने वाले अभ्यास स्वास्थ्य के लिए बेहद फायदेमंद हो सकते हैं। यही कारण है कि तनावग्रस्त लोगों को प्राणायाम करने की सलाह दी जाती है। सांस वाले अभ्यास शरीर में ऑक्सीजन की मात्रा को बढ़ाने में सहायक होते हैं, जो दिल की धड़कन और रक्तचाप की अनियमितता को ठीक करने में मददगार साबित हो सकते हैं। ऐसे में प्राणायाम का नियमित रूप से अभ्यास तनाव को कम करने के साथ मस्तिष्क के कार्यों को ठीक करने में मदद कर सकता है।
मन को शांति देते हैं ध्यान वाले योगाभ्यास
मेडिटेशन, मन को शांत करने का सबसे बेहतर तरीका है। मेडिटेशन, मन से अनावश्यक विचारों को हटाकर वर्तमान को ठीक से जीने में मदद करने का साधन है। यह मस्तिष्क में सकारात्मक ऊर्जा को बढ़ावा देने में सहायक है, जिससे आप दिनभर आत्मविश्वास और शांति के साथ कार्यों को बेहतर ढंग से कर सकते हैं। मेडिटेशन का अभ्यास किसी भी समय किया जा सकता है। तनावग्रस्त महसूस करने वाले लोगों के मेडिटेशन सबसे फायदेमंद अभ्यास माना जाता है।
कई अन्य योगाभ्यास भी लाभदायक
योग विशेषज्ञों के मुताबिक नियमित रूप से किए जाने वाले अभ्यास भी तनाव को कम करने में बहुत मदद करते हैं। उत्तानासन (स्टैंडिंग फॉरवर्ड बेंड), वज्रासन (वज्र मुद्रा) और बालासन जैसे अभ्यास मस्तिष्क में तनाव वाले हार्मोन के स्तर को कम करने में सहायक हो सकते हैं। तनाव-अवसाद को कम करने के लिए नियमित रूप से इन आसनों का अभ्यास काफी फायदेमंद साबित हो सकता है।
------
नोट: यह लेख योगगुरु के सुझावों के आधार पर तैयार किया गया है। आसन की सही स्थिति के बारे में जानने के लिए किसी योगगुरु से संपर्क कर सकते हैं।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।