शरीर की बेहतर सेहत के लिए मन के स्वास्थ्य को बेहतर रखने पर निरंतर जोर दिया जाता रहा है। विशेषज्ञ बताते हैं कि मन और शरीर एक दूसरे के कार्यों के सकुशल संचालन में विशेष भूमिका निभाते हैं। ऐसे में किसी एक में भी होने वाली समस्या का असर दूसरे की सेहत को प्रभावित कर सकता है, यही कारण है कि सभी लोगों को शरीर को स्वस्थ रखने के लिए मानसिक स्वास्थ्य को भी बेहतर बनाए रखने वाले उपाय करते रहने की सलाह दी जाती है।
Yoga Tips: ये हैं सबसे कारगर मूड बूस्टर योगासन, रहते हैं अक्सर तनावग्रस्त तो जरूर करिए इनका नियमित अभ्यास
पर्वतासन योग का अभ्यास
पर्वतासन या माउंटेन पोज़ संपूर्ण शरीर को बेहतर रखने वाले योगासनों में से एक है, विशेषकर यह मस्तिष्क के लिए काफी लाभकारी अभ्यास के तौर पर जाना जाता है। आपके मूड को बढ़ावा देने का यह एक अचूक तरीका है। माउंटेन पोज़ तंत्रिका तंत्र को शांत करने और हमारी प्रतिक्रिया को नियंत्रित करने में मदद करता है ताकि हम मानसिक तौर पर स्वस्थ और फिट बने रह सकें। शारीरिक संतुलन को बेहतर बनाए रखने के लिए भी इसका अभ्यास काफी फायदेमंद माना जाता है।
अधोमुख शवासन योग
अधोमुख शवासन योग हमें एक बेहतरीन फुल-बॉडी स्ट्रेच प्रदान करता है और इसे मस्तिष्क के कार्यों को भी बेहतर बनाए रखने के लिए काफी फायदेमंद माना जाता है। यह फील-गुड योग मुद्रा, तनाव और अवसाद को दूर करने के साथ-साथ मस्तिष्क को शांत करने में मदद करता है। अध्ययनों में पाया गया है कि इस योग के अभ्यास से मस्तिष्क में रक्त का संचार भी बेहतर बना रहता है जोकि इसे स्वस्थ रखने के लिए आवश्यक है।
भुजंगासन योग
भुजंगासन योग जिसे कोबरा पोज़ के नाम से भी जाना जाता है यह कमर और पीठ में दर्द की समस्या को कम करने वाले सबसे कारगर आसनों में से एक है। हृदय और फेफड़ों की कार्यक्षमता को बढ़वा देने के लिए भी इसके अभ्यास को काफी लाभकारी माना जाता है। कोबरा पोज फेफड़ों को खोलने के साथ शरीर में अधिक ऑक्सीजन प्राप्त करने में मदद करता है जिससे कि मन शांत और स्थिर बना रहता है।
------------------------
नोट: यह लेख योगगुरु के सुझावों के आधार पर तैयार किया गया है। आसन की सही स्थिति के बारे में जानने के लिए किसी विशेषज्ञ से संपर्क कर सकते हैं।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।